खबर की तहतक ✍️| रामपुर उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद से रिश्तों और सामाजिक ताने-बाने से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां दो पत्नियों के बीच पति के बंटवारे को लेकर गांव की पंचायत ने अनूठा समाधान निकाला है। पंचायत के फैसले के अनुसार अब पति सप्ताह में तीन-तीन दिन दोनों पत्नियों के साथ रहेगा, जबकि रविवार का दिन ‘साप्ताहिक अवकाश’ के रूप में उसके लिए सुरक्षित रहेगा। मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के नगलिया आकिल गांव का है। यहां मुस्लिम समुदाय के एक युवक की दो शादियां हैं। पहली शादी पारिवारिक सहमति से हुई थी, जबकि दूसरी शादी प्रेम संबंध के बाद हुई। दोनों ही पत्नियां पति को अपने पास रखने की जिद पर अड़ी रहती थीं, जिसके चलते घर में आए दिन विवाद और झगड़े होते रहते थे। लगातार बढ़ते विवाद के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, जहां से आपसी सहमति के आधार पर इसे गांव की पंचायत के सुपुर्द कर दिया गया। पंचायत ने दोनों पत्नियों और पति की बात सुनने के बाद बीच का रास्ता निकालते हुए दिनों का स्पष्ट बंटवारा तय किया। पंचायत के निर्णय के अनुसार, – सोमवार, मंगलवार और बुधवार पति पहली पत्नी के साथ रहेगा, – गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार दूसरी पत्नी के लिए निर्धारित किए गए हैं, – जबकि रविवार को पति दोनों से अलग एकांत में समय बिता सकेगा, जिसे पंचायत ने ‘साप्ताहिक अवकाश’ का नाम दिया है। पंचायत ने विशेष परिस्थितियों में एक दिन आगे-पीछे करने की सीमित छूट भी रखी है। भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो, इसके लिए इस फैसले को लिखित समझौते के रूप में दर्ज कर पति और दोनों पत्नियों के हस्ताक्षर कराए गए हैं। यह अनोखा फैसला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत ने आपसी सहमति और सामाजिक संतुलन बनाए रखने की कोशिश की है, ताकि पारिवारिक कलह थमे और मामला दोबारा पुलिस या अदालत तक न पहुंचे। खबर की तह तक ऐसे सामाजिक मामलों में सामने आ रहे नए और चौंकाने वाले फैसलों पर नजर बनाए हुए है। Post Views: 223 Post navigation अरबिन्द के शव का होगा दुबारा पोस्टमार्टम, साजिश-सियासत-सस्पेंस के बीच जिला प्रशासन का बड़ा फैसला श्रीराम मंदिर की वर्षगाँठ पर दो दिवसीय मांगलिक पूजन-अनुष्ठान संपन्न, भक्तिमय हुआ जलालपुर