खबर की तहतक : डिजिटल डेस्क । लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में लगातार ठोस पहल कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रदेश के 25 जनपदों में एक साथ ‘सीएम युवा हेल्प डेस्क’ का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना रहा। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में यूपीकॉन (UPICON) द्वारा संचालित विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना (VSSY) तथा एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) प्रशिक्षण कार्यक्रम ने भी सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम के दौरान हजारों प्रशिक्षणार्थियों ने विशेषज्ञों से सीधा संवाद कर स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना से जुड़ा व्यावहारिक मार्गदर्शन प्राप्त किया। एक हजार से अधिक युवाओं ने किया आवेदन इस वृहद आयोजन के दौरान युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। महज कुछ ही घंटों में एक हजार से अधिक युवाओं ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना (सीएम युवा योजना) के अंतर्गत आवेदन किया। यूपीकॉन के प्रबंध निदेशक प्रवीण सिंह ने बताया कि कुल 1072 इच्छुक प्रशिक्षणार्थियों ने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया है, जो इस बात का प्रमाण है कि युवा तेजी से स्वरोजगार की ओर अग्रसर हो रहे हैं। बैंकों और विशेषज्ञों ने दिया व्यावहारिक मार्गदर्शन गौतमबुद्धनगर, बाराबंकी, बांदा, औरैया सहित 25 जनपदों में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों और वित्तीय विशेषज्ञों द्वारा विशेष सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में युवाओं को सीएम युवा योजना की आवेदन प्रक्रिया, ऋण सुविधा, पात्रता मानदंड, आवश्यक दस्तावेज और उद्योग स्थापना से जुड़ी चुनौतियों व उनके समाधान की विस्तृत जानकारी दी गई। आत्मनिर्भर यूपी की ओर मजबूत कदम विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और ओडीओपी के माध्यम से प्रशिक्षित युवाओं को उद्यमिता से जोड़कर योगी सरकार आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को मजबूती प्रदान कर रही है। यह पहल न केवल युवाओं के लिए नए अवसर सृजित कर रही है, बल्कि प्रदेश को रोजगार सृजन और उद्यमिता के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में भी मील का पत्थर साबित हो रही है। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि आने वाले समय में भी ऐसे कार्यक्रमों का विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने सपनों को साकार कर सकें। — खबर की तह तक न्यूज़ पोर्टल Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation कोतवाली जलालपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वांछित अभियुक्त गिरफ्तार UP SIR में बड़ा अपडेट: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए अब घोषणा पत्र अनिवार्य, जानें कौन-सा फॉर्म भरना होगा और कौन-से दस्तावेज जरूरी