लोअर पीसीएस परीक्षार्थियों के लिए ‘सहारा’ बना नारायण फाउंडेशन, 150 से अधिक अभ्यर्थियों को मिली निःशुल्क सुविधा

खबर की तहतक न्यूज नेटवर्क

अंबेडकरनगर, 23 अगस्त 2026।

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की लोअर पीसीएस परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से अंबेडकरनगर पहुंचे परीक्षार्थियों के लिए नारायण फाउंडेशन की ओर से निःशुल्क ठहरने, भोजन और आवागमन की व्यवस्था की गई। संस्था के संरक्षक विवेक मौर्य के नेतृत्व में की गई इस पहल का लाभ 150 से अधिक परीक्षार्थियों ने उठाया।

परीक्षा केंद्र अंबेडकरनगर में होने के कारण बाहरी जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती ठहरने और भोजन की थी। नारायण फाउंडेशन की ओर से टांडा क्षेत्र के मौर्या स्टेट मैरिज लॉन, मौर्य नगर, पुन्थर में परीक्षा की पूर्व संध्या पर अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था की गई। यहां रात्रि विश्राम के साथ भोजन और परीक्षा से पहले सुबह नाश्ते की भी व्यवस्था की गई। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने का भी दावा संस्था की ओर से किया गया है।

दिल्ली, प्रयागराज, लखनऊ, जौनपुर, भदोही, गोरखपुर, बलिया, गाजीपुर और वाराणसी समेत विभिन्न जनपदों से आए अभ्यर्थियों ने इस पहल की सराहना की। परीक्षार्थियों का कहना था कि परीक्षा के समय दूसरे जिले में ठहरने की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे में निःशुल्क और व्यवस्थित सुविधा मिलने से परीक्षा की तैयारी और मानसिक स्थिति दोनों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा।

‘यह मदद नहीं, हौसला है’

प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे गोरखपुर के शुभम गौतम और जौनपुर के अजय वर्मा ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि परीक्षा केंद्र दूसरे जिले में होने पर होटल, भोजन और ठहरने की चिंता बनी रहती है। उनके मुताबिक, अंबेडकरनगर पहुंचने पर जब निःशुल्क ठहरने और भोजन की व्यवस्था की जानकारी मिली तो काफी राहत महसूस हुई।

अभ्यर्थियों ने कहा कि साफ-सुथरी रहने की व्यवस्था, भोजन, पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण और आवागमन की सुविधा ने परीक्षा से पहले उनकी चिंता कम की। उन्होंने इसे केवल सुविधा नहीं, बल्कि परीक्षार्थियों का मनोबल बढ़ाने वाली पहल बताया।

विवेक मौर्य बोले—‘ये बच्चे उत्तर प्रदेश का भविष्य हैं’

नारायण फाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले युवा किसी एक जिले के नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षार्थी तनावमुक्त होकर परीक्षा दे सकें तो इससे उनके परिवार के सपनों के साथ-साथ जिले की सकारात्मक छवि भी मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य परीक्षार्थियों को परीक्षा से पहले ठहरने, भोजन और आवागमन जैसी परेशानियों से मुक्त रखना है। उनके अनुसार, नारायण फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से अंबेडकरनगर में परीक्षा केंद्र पड़ने पर बाहरी जिलों से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए ऐसी निःशुल्क व्यवस्थाएं करता रहा है।

सामाजिक सेवा के अन्य कार्यों का भी किया गया उल्लेख

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नारायण फाउंडेशन की ओर से जरूरतमंद बेटियों के विवाह, विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियान भी चलाए जा रहे हैं। संस्था की ओर से अब तक 98 जरूरतमंद बहन-बेटियों के विवाह कराने का दावा किया गया है।

इसके अलावा प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत जिले में 25 हजार जूट बैग वितरित किए जाने तथा गर्मी और बारिश से बचाव के लिए फल-सब्जी विक्रेताओं, मोचियों और अन्य जरूरतमंद लोगों को पांच हजार बड़े छाते वितरित किए जाने की जानकारी भी दी गई।

नारायण फाउंडेशन का कहना है कि उसका उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने, गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग देने तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार काम करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button