सड़क सुरक्षा सद्भावना कप: डॉक्टर्स इलेवन ने जय हीरो एजेंसी को 118 रन से हराया

खबर की तहतक न्यूज नेटवर्क

अंबेडकरनगर।

आराध्या श्री फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित सड़क सुरक्षा सद्भावना कप में डॉक्टर्स इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जय हीरो एजेंसी अंबेडकरनगर को 118 रन से हराकर लगातार 11वीं जीत दर्ज की। एमवीडी क्रिकेट एकेडमी, अकबरपुर के मैदान पर खेले गए मुकाबले में डॉ. हेमंत सिंह की 84 रन की विस्फोटक पारी आकर्षण का केंद्र रही।

जय हीरो एजेंसी के कप्तान रवि भद्र सिंह ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी डॉक्टर्स इलेवन की शुरुआत खराब रही और 32 रन तक टीम के चार विकेट गिर गए। इसके बाद डॉ. प्रवेश वर्मा और डॉ. हेमंत सिंह ने पांचवें विकेट के लिए 75 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संभाला।

डॉ. हेमंत सिंह ने महज 36 गेंदों पर 9 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 84 रन बनाए, जबकि डॉ. प्रवेश वर्मा ने 23 रन का योगदान दिया। जय हीरो एजेंसी की ओर से सोनू ने तीन और आदर्श यादव ने दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जय हीरो एजेंसी की पूरी टीम 11.1 ओवर में 36 रन पर सिमट गई। गुरविंदर ने सर्वाधिक 17 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। डॉक्टर्स इलेवन की ओर से डॉ. आमोद और डॉ. उत्कर्ष ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।

टीम के कप्तान डॉ. जीडी वर्मा की रणनीति और खिलाड़ियों के बेहतरीन गेंदबाजी-क्षेत्ररक्षण से डॉक्टर्स इलेवन ने मुकाबला अपने नाम किया।

सड़क सुरक्षा का दिया संदेश

मैच के मुख्य अतिथि यातायात सब इंस्पेक्टर जय बहादुर यादव ने खेल आयोजनों को सड़क सुरक्षा जागरूकता से जोड़ने की सराहना की। उन्होंने वाहन चालकों से लेन अनुशासन का पालन करने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि नेत्र सर्जन डॉ. राजेश गुप्ता ने खिलाड़ियों को फिटनेस पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने तथा नशे की स्थिति में वाहन न चलाने की अपील की।

खिलाड़ियों को मिले पुरस्कार

प्लेयर ऑफ द मैच: डॉ. हेमंत सिंह पालीवाल

बेस्ट गेंदबाज: डॉ. आमोद

बेस्ट बल्लेबाज: डॉ. प्रवेश वर्मा

बेस्ट क्षेत्ररक्षक: रवि भद्र सिंह

बेस्ट विकेटकीपर: डॉ. साजन देव केशर

मैच में अंपायर एवं कमेंटेटर की भूमिका अजय श्रीवास्तव और डॉ. एसएम बाकिर ने निभाई, जबकि विक्रम सिंह और विकास स्कोरर रहे।

इस अवसर पर डॉ. जेके वर्मा, डॉ. चन्द्रभान, आनंद शर्मा, आलोक, दीपक, पंकज, डॉ. अनीश, डॉ. अभिनीत यादव, डॉ. विमल, विक्रम, विनय, अश्विनी, कुलदीप, रजनीश, अरविंद, समरजीत, आदर्श सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button