आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक, शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील

खबर की तहतक न्यूज नेटवर्क

जलालपुर, अंबेडकरनगर।

आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को जलालपुर कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह ने की।

बैठक में पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने नगर एवं क्षेत्र के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हैं। सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और ऐसी किसी गतिविधि से बचें, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो।

नायब तहसीलदार उत्कर्ष सिंह ने लोगों से किसी भी समस्या की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस-प्रशासन को सूचना देने की अपील की। वहीं, कोतवाल अजय प्रताप सिंह ने कहा कि त्योहारों को लेकर पुलिस सतर्क है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर किसी भी सूचना को बिना पुष्टि के प्रसारित न करने की अपील की।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगर अध्यक्ष संदीप कुमार अग्रहरी, पूर्व नगर अध्यक्ष देवेश कुमार मिश्रा, जिला उद्योग व्यापार मंडल के आनंद जायसवाल, अरुण सिंह, वसी उल्लाह, जमशेद अहमद, बादशाह आलम, वसीम अख्तर, अली अहमद, मेराज आलम तथा सभासद इब्ने अली जाफरी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

अंत में सभी से एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए क्षेत्र में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button