खबर की तहतक वेब पोर्टल ✍️ जलालपुर (अंबेडकर नगर)। भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा मनाए जाने वाले पूर्व सैनिक सम्मान दिवस के अवसर पर 1971 के बांग्लादेश युद्ध में अप्रतिम योगदान देने वाले 85 वर्षीय पूर्व सैनिक ऑनरेरी कैप्टन जगन्नाथ दुबे का एनसीसी कैडेटों द्वारा गरिमामय सम्मान किया गया। नगर क्षेत्र के प्रतिष्ठित विद्यालय रेडिएंट एकेडमी की एनसीसी इकाई द्वारा विद्यालय के पुस्तकालय में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य अखिलेश शुक्ला ने की। तहसील क्षेत्र के बदरुद्दीनपुर गांव निवासी पूर्व सैनिक ऑनरेरी कैप्टन जगन्नाथ दुबे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। विद्यालय परिसर में आगमन पर प्राचार्य द्वारा मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर एवं बुके भेंट कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात शाल ओढ़ाकर उनकी उत्कृष्ट सैन्य सेवाओं के लिए अभिनंदन किया गया। एनसीसी कैडेटों को संबोधित करते हुए कैप्टन दुबे ने अपने सैन्य जीवन के संस्मरण साझा किए। उन्होंने 1971 के बांग्लादेश युद्ध के दौरान के अनुभवों को विस्तार से बताते हुए उस दौर के संघर्ष, साहस और देशभक्ति की भावना से कैडेटों को परिचित कराया। कैप्टन दुबे ने वर्तमान समय में अनुशासन के महत्व पर विशेष बल देते हुए युवाओं से देश सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन और समर्पण ही किसी भी राष्ट्र को सशक्त और सुरक्षित बनाता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य अखिलेश शुक्ला ने एनसीसी के माध्यम से छात्रों में अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति के विकास पर प्रकाश डाला तथा मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एएनओ जीवन, दीपिका शुक्ला, लाइब्रेरियन अंजू सिंह, सुजीत श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे। कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ। — खबर की तहतक Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation गायत्री गौशाला में गौसेवा व साधना केंद्र का हुआ शुभारंभ, मकर संक्रांति पर भक्ति-सेवा का अनूठा संगम सीताघाट पर निषादराज व वीर एकलव्य के भव्य मंदिर का हुआ उद्घाटन