घर से भागकर प्रेम विवाह करने वाले चचेरे भाई-बहन मृत मिले, कमरे में मिली पति-पत्नी की लाश

खबर की तहतक

कानपुर।

कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। परिवार की इच्छा के विरुद्ध प्रेम विवाह करने वाले युवक-युवती मृत अवस्था में मिले। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई-बहन बताए जा रहे हैं और करीब तीन महीने पहले उन्होंने घर छोड़कर विवाह किया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचेंडी क्षेत्र के कला का पुरवा निवासी सौरभ सविता उर्फ टोनी (22 वर्ष) और रानी उर्फ शालिनी (18 वर्ष) के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। परिजनों की असहमति के बावजूद दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था और कुछ समय दिल्ली में रहने के बाद हाल ही में कानपुर लौटे थे। वे बर्रा-7 क्षेत्र में किराये के कमरे में रह रहे थे।

मंगलवार दोपहर पड़ोसियों को कमरे की खिड़की खुली दिखाई दी। अंदर झांकने पर युवती का शव जमीन पर पड़ा मिला, जबकि युवक फंदे से लटका हुआ था। सूचना पर बर्रा पुलिस, एसीपी नौबस्ता तथा डीसीपी साउथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में युवती की गला दबाकर हत्या किए जाने और उसके बाद युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की गई है। कमरे से सिंदूर बिखरा हुआ मिला तथा युवती की मांग में अधिक मात्रा में सिंदूर पाया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित किए हैं।

डीसीपी साउथ ने बताया कि दोनों ने 1 अप्रैल को प्रेम विवाह के बाद सचेंडी थाने में उपस्थित होकर अपने बयान दर्ज कराए थे। दोनों बालिग होने के कारण उन्हें कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सुरक्षा के साथ जाने दिया गया था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

### डिस्क्लेमर :

यह समाचार विभिन्न मीडिया रिपोर्टों और पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रारंभिक जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक मृत्यु के कारणों को अंतिम नहीं माना जाना चाहिए। खबर की तहतक किसी भी निष्कर्ष की स्वतंत्र पुष्टि का दावा नहीं करता तथा समाचार का उद्देश्य केवल जनहित में जानकारी प्रदान करना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button