खबर की तहतक (वेब पोर्टल न्यूज़) जलालपुर अम्बेडकरनगर। जनपद के जलालपुर क्षेत्र में बाईपास निर्माण को लेकर एक बार फिर प्रयास तेज हो गए हैं। पूर्व सांसद रितेश पांडेय ने बीते रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर जलालपुर बाईपास निर्माण के लिए पूर्व में भेजे गए प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति प्रदान किए जाने की मांग की। पूर्व सांसद रितेश पांडेय ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जलालपुर में बाईपास की व्यवस्था न होने के कारण स्थानीय नागरिकों को प्रतिदिन गंभीर जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। नगर के बीच से भारी वाहनों का आवागमन होने से न सिर्फ यातायात बाधित रहता है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 68 करोड़ रुपये की लागत से बाईपास निर्माण का प्रस्ताव पहले ही शासन को भेजा जा चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सांसद को इस प्रस्ताव पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया। साथ ही जनपद अम्बेडकरनगर में संचालित और प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री को यह भी जानकारी दी कि श्री समधी साहब सर्व समाज सेवा समिति के तत्वावधान में जलालपुर क्षेत्र के सीताघाट पिंडोरिया स्थित रामलीला मैदान में निषाद राज और वीर एकलव्य की प्रतिमा का अनावरण प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त पिछड़े वर्ग के लोगों को पार्टी से जोड़ने सहित सामाजिक और राजनीतिक विषयों पर भी चर्चा की गई। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद जलालपुर बाईपास निर्माण का रास्ता जल्द साफ होगा और वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या से उन्हें राहत मिलेगी। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation एमसीएडीडब्ल्यूएम योजना का लाभ किसानों तक पहुंचे: मुख्य सचिव एसपी गोयल के सख्त निर्देश समाज के नैतिक उत्थान हेतु ब्राह्मणों का संस्कारी होना अनिवार्य : स्वामी प्रखर जी महाराज