खबर की तहतक जलालपुर, अम्बेडकरनगर अम्बेडकरनगर जिले के जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के कन्नूपुर गांव में कटहल खाने के बाद एक ही परिवार के सात लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर पहले स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नगपुर में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी मरीजों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। https://khabarkitahtak.co.in/wp-content/uploads/2026/07/VID-20260721-WA0053.mp4 प्राप्त जानकारी के अनुसार, कन्नूपुर निवासी विजय बहादुर के घर दो दिन पहले एक कटहल काटा गया था। कटहल पूरी तरह पका नहीं होने के कारण उसे घर में ही रख दिया गया। सोमवार को कटहल पकने के बाद परिवार के कई सदस्यों ने उसका सेवन किया। कुछ समय बाद एक-एक कर सभी की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें पेट दर्द, उल्टी तथा दस्त की शिकायत होने लगी। https://khabarkitahtak.co.in/wp-content/uploads/2026/07/VID-20260721-WA0054.mp4 शुरुआत में परिजनों ने गांव के एक निजी चिकित्सक से इलाज कराया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार न होने पर मंगलवार को सभी को सीएचसी नगपुर में भर्ती कराया गया। बीमार हुए लोगों में लीलावती (75), सुनीता (65), विजान सिंह (20), प्राची सिंह (21), छवि सिंह (18), अर्पिता (20) और मीरा सिंह (50) शामिल हैं। सीएचसी नगपुर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी.के. बादल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। सभी मरीजों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है। डॉ. बादल ने लोगों से अपील की कि लंबे समय तक कटे हुए या अनुचित तरीके से रखे गए खाद्य पदार्थों का सेवन करने से बचें। गर्मी और उमस के मौसम में भोजन जल्दी खराब हो सकता है, जिससे फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं उत्पन्न होने का खतरा बढ़ जाता है। डिस्क्लेमर : खबर की तहतक यह समाचार चिकित्सकों और परिजनों से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के आधार पर प्रकाशित किया गया है। फूड पॉइजनिंग की पुष्टि आवश्यक चिकित्सकीय जांच एवं रिपोर्ट के बाद ही होगी। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में स्वयं उपचार करने के बजाय तत्काल योग्य चिकित्सक से परामर्श लें। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation कानपुर-बिठूर हाईवे पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, 200 छात्रों ने ली सुरक्षित यातायात की शपथ परुईया आश्रम इन्टर कॉलेज में साइबर एवं महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान