खबर की तहतक लखनऊ/बलरामपुर उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक अहम अभियान के तहत बलरामपुर जिले के गैसड़ी थाना क्षेत्र के जमधरा गांव निवासी 29 वर्षीय शहरोज अहमद को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े कथित आतंकी नेटवर्क से संबंध रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एटीएस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अक्टूबर 2025 में फेसबुक के माध्यम से कथित पाकिस्तानी ISI एजेंट जसवीर चौधरी के संपर्क में आया था। इसके बाद वह फेसबुक मैसेंजर, व्हाट्सएप और सिग्नल जैसे एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लगातार संपर्क में रहा और कथित रूप से राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा बन गया। जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपी राजस्थान के श्रीगंगानगर क्षेत्र से हथियार और विस्फोटक हासिल करने की तैयारी कर रहा था तथा भारत में आतंकी साजिश को अंजाम देने की योजना बना रहा था। एटीएस के मुताबिक, वह सोशल मीडिया के माध्यम से अन्य युवाओं को भी इस कथित नेटवर्क से जोड़ने का प्रयास कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद एटीएस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। उसके डिजिटल उपकरणों, सोशल मीडिया गतिविधियों और संपर्कों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, ताकि कथित नेटवर्क के अन्य सदस्यों और पूरे मॉड्यूल का पता लगाया जा सके। एटीएस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डिस्क्लेमर : खबर की तहतक यह समाचार उत्तर प्रदेश एटीएस द्वारा जारी प्रारंभिक जानकारी और जांच एजेंसी के आधिकारिक दावों पर आधारित है। समाचार में वर्णित आरोपों की अंतिम पुष्टि सक्षम न्यायालय में साक्ष्यों के परीक्षण और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी। न्यायालय द्वारा दोष सिद्ध होने तक आरोपी को कानून की दृष्टि में निर्दोष माना जाता है। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation मौसेरे भाई के प्रेम प्रसंग में पत्नी ने रची घर में डकैती की साजिश! बेहोशी का नाटक कर बेड के नीचे छिपी, पुलिस ने किया खुलासा अमरोहा में अस्पताल संचालक पर दलित नर्स के धर्म परिवर्तन और निकाह का आरोप, परिजनों को धमकाने की शिकायत