खबर की तहतक वेब पोर्टल : जलालपुर। बाबा बरुआ दास स्नातकोत्तर महाविद्यालय, परुइया आश्रम, अंबेडकर नगर में आज स्वामी विवेकानंद की जन्म जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के पावन अवसर पर शिक्षणेतर कर्मचारी संघ, महाविद्यालय इकाई के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह पंडित राधे मोहन द्विवेदी सभागार में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. परेश कुमार पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में तथा उप-प्राचार्य प्रो. पवन कुमार गुप्त कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंचासीन रहे, साथ ही महाविद्यालय के मुख्य नियंता डॉ. कुलदीप सिंह ने मंच पर अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के आरंभ में प्राचार्य प्रो. परेश कुमार पाण्डेय ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनके पद, गोपनीयता और निष्ठा की शपथ दिलाई। शपथ लेने वाले पदाधिकारियों में अध्यक्ष पद पर श्री आत्मा चौधरी, उपाध्यक्ष पद पर श्री वरुण तिवारी, मंत्री पद पर श्री सुनील वर्मा एवं कोषाध्यक्ष पद पर श्री वीरेंद्र कुमार शामिल रहे। शपथ ग्रहण के उपरांत स्वागत परंपरा का निर्वहन करते हुए निर्वाचित अध्यक्ष श्री आत्मा चौधरी ने प्राचार्य प्रो. परेश कुमार पाण्डेय को स्मृति चिह्न व शॉल भेंटकर उनका स्वागत किया, जिसके प्रत्युत्तर में प्राचार्य जी ने अध्यक्ष को माला पहनाकर बधाई दी। उपाध्यक्ष श्री वरुण तिवारी ने उप-प्राचार्य प्रो. पवन कुमार गुप्त को शॉल भेंटकर सम्मानित किया तथा उप-प्राचार्य जी ने उन्हें माला पहनाकर शुभाशीष दिया। इसी क्रम में कोषाध्यक्ष श्री वीरेंद्र कुमार ने मुख्य नियंता डॉ. कुलदीप सिंह का शॉल भेंटकर स्वागत किया और मुख्य नियंता ने उन्हें माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं। साथ ही अध्यक्ष श्री आत्मा चौधरी ने कार्यक्रम संचालक डॉ. सत्य प्रकाश पाण्डेय का भी शॉल भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. परेश कुमार पाण्डेय ने स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संस्था की प्रगति के लिए सभी का समर्पण आवश्यक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उप-प्राचार्य प्रो. पवन कुमार गुप्त ने अपने उद्बोधन में सबके प्रति क्षमभाव (क्षमाशीलता) और समन्वय रखने का संदेश दिया, ताकि एक स्वस्थ कार्य वातावरण बना रहे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री आत्मा चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे अपने पद की गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखेंगे और संघ की सेवा में सदैव तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. सत्य प्रकाश पाण्डेय ने किया तथा संयोजन डॉ. अमित त्रिपाठी द्वारा किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक गण और शिक्षणेतर कर्मचारी उपस्थित रहे। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का अंबेडकर नगर के कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत लगभग 54 दिन बाद बरामद हिमांशु विश्वकर्मा से लोकजन सोशलिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विरेन्द्र विश्वकर्मा ने की बातचीत