खबर की तहतक वेब पोर्टल कानपुर। उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए एक बड़ी और सुखद खबर सामने आई है। औद्योगिक नगरी कानपुर में अब गुजरात और पटना की तर्ज पर भव्य गंगा रिवरफ्रंट (गंगापथ परियोजना) विकसित किया जाएगा। करीब 3 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना को शासन से सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है और यह अब जमीन पर उतरने की दिशा में निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। इस परियोजना के तहत अटल घाट से पुराने गंगापुल तक लगभग 8 किलोमीटर लंबा फोरलेन गंगापथ बनाया जाएगा। गंगापथ परियोजना की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने के लिए 27 जनवरी 2026 को टेंडर फाइनल किया जाएगा। इसके लिए कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) द्वारा लगभग 5 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। कानपुर-उन्नाव-लखनऊ का सफर होगा आसान गंगापथ और ट्रांस गंगा सिटी ब्रिज के निर्माण से कानपुर, उन्नाव और लखनऊ के बीच यातायात काफी सुगम हो जाएगा। परियोजना के तहत प्रमुख घाटों, मंदिरों और शहर के अहम हिस्सों को आपस में जोड़ा जाएगा। सांसद रमेश अवस्थी के नेतृत्व में सेतु निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD) और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम द्वारा गंगा नदी में स्टीमर से निरीक्षण भी किया जा चुका है। तकनीकी और पर्यावरणीय पहलुओं पर रहेगा खास ध्यान अधिकारियों के अनुसार डीपीआर तैयार करने से पहले पर्यावरणीय मूल्यांकन, भूवैज्ञानिक परीक्षण, गंगा किनारे की मिट्टी की क्षमता, तट संरक्षण, पिलर की संभावित लोकेशन, अप्रोच रोड, इंटरचेंज, कर्व, लिंक रोड और घाटों के बीच सुरक्षित कनेक्टिविटी जैसे सभी अहम बिंदुओं का गहन अध्ययन किया जाएगा। पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा यह परियोजना कानपुर को एक बड़े पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी। गंगापथ के जरिए भैरो मंदिर, आनंदेश्वर मंदिर और सरसैया घाट जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल सीधे जुड़ जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही, स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। कुल मिलाकर, गंगा रिवरफ्रंट और गंगापथ परियोजना कानपुर के विकास को नई दिशा देगी और शहर की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करेगी। — खबर की तहतक Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation अम्बेडकरनगर : जैतपुर थाना क्षेत्र से दो नाबालिग बच्चियां लापता, पुलिस ने जारी किया गुमशुदगी पोस्टर ग्रामीणों को मिली बड़ी सुविधा, हर ग्राम पंचायत तक पहुंचेगी रोडवेज बस; डग्गेमार बसें भी होंगी अनुबंधित