UP News | गोंडा खबर की तहतक वेब पोर्टल गोंडा। कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के 69वें जन्मदिन पर गोंडा की धरती एक बार फिर भव्य आयोजन और शक्ति प्रदर्शन की गवाह बनी। इस मौके पर जहां हजारों समर्थकों की मौजूदगी, फूलों की बारिश और विशाल भंडारे ने माहौल को भव्य बना दिया, वहीं सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना लंदन से आया एक बेशकीमती ‘शाही’ तोहफा। बृजभूषण सिंह को उनके जन्मदिन पर 2.5 करोड़ रुपये कीमत का थरोब्रेड नस्ल का चैंपियन घोड़ा भेंट किया गया। ‘अश्व जोहान्सबर्ग’ नाम का यह घोड़ा अंतरराष्ट्रीय रेसिंग की दुनिया में अपनी पहचान बना चुका है और अब पूर्व सांसद के अस्तबल की शान बनेगा। लंदन से विशेष विमान से भारत पहुंचा ‘अश्व जोहान्सबर्ग’ बताया जा रहा है कि यह घोड़ा महज तीन दिन पहले ही लंदन से विशेष विमान के जरिए भारत लाया गया है। इसे हरियाणा के रेवाड़ी निवासी रविंद्र पाल सिंह चौहान और उनकी पत्नी संगीता सिंह चौहान ने बृजभूषण सिंह को उपहार स्वरूप भेंट किया। चौहान दंपती के अनुसार, इस नस्ल के घोड़े की कीमत जन्म के समय ही करीब 50 लाख रुपये होती है, जबकि अंतरराष्ट्रीय रेस में उतरने और जीत दर्ज करने के बाद इसकी कीमत ढाई करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है। 7 अंतरराष्ट्रीय रेस जीत चुका है चैंपियन घोड़ा ‘अश्व जोहान्सबर्ग’ कोई साधारण घोड़ा नहीं है। यह अब तक 38 अंतरराष्ट्रीय रेस प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुका है, जिनमें से 7 रेस में प्रथम स्थान हासिल किया है। इसके अलावा यह दो बार दूसरे, पांच बार तीसरे और चार बार चौथे स्थान पर भी रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी रेटिंग 102 बताई जा रही है, जो इसे बेहद कीमती और उच्च श्रेणी का रेस हॉर्स बनाती है। इस घोड़े ने अब तक रेसिंग के जरिए करीब 22 लाख रुपये से अधिक की इनामी राशि भी जीती है। इसकी वंशावली भी खास मानी जाती है, जिसकी मां आयरलैंड और पिता लंदन से जुड़े बताए जा रहे हैं। 100 गाड़ियों का काफिला, बुलडोजर से फूलों की वर्षा जन्मदिन के अवसर पर बृजभूषण सिंह का गोंडा में जोरदार शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिला। वे 100 गाड़ियों के काफिले के साथ नंदिनी निकेतन पहुंचे। करीब 10 किलोमीटर लंबे मार्ग में समर्थकों ने उन पर बुलडोजर से फूलों की वर्षा की। मंदिर दर्शन और गोमाता के पूजन के बाद उन्होंने ‘राष्ट्र कथा महोत्सव’ के मंच से संबोधन किया। 5 लाख लोगों के लिए विशाल भंडारा कार्यक्रम के समापन पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। लगभग 15 बीघा क्षेत्र में बने पंडाल में करीब 5 लाख लोगों ने भोजन ग्रहण किया। इसके लिए 1200 रसोइयों की टीम लगाई गई थी। शुद्ध घी और सरसों के तेल में बना पारंपरिक भोजन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। अन्य उपहार भी बने चर्चा का विषय घोड़े के अलावा, थाई बॉक्सिंग की नेशनल ब्रांड एंबेसडर आराधना सोलंकी ने बृजभूषण सिंह को सोने की चेन भेंट की, जबकि हरियाणा से आए समर्थकों ने उन्हें एक विशेष जैकेट पहनाई। कुल मिलाकर, बृजभूषण शरण सिंह का 69वां जन्मदिन गोंडा में भव्य आयोजन, शाही तोहफों और बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में यादगार बन गया। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation आउटसोर्सिंग भर्तियों की होगी जांच, घपला मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई अम्बेडकरनगर : जैतपुर थाना क्षेत्र से दो नाबालिग बच्चियां लापता, पुलिस ने जारी किया गुमशुदगी पोस्टर