वेब पोर्टल “खबर की तहतक” अम्बेडकरनगर। जनपद की जैतपुर पुलिस ने चोरी की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गई पीली धातु की चेन तथा घटना में प्रयुक्त एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण अभियान के तहत महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर प्राची सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) डॉ. तेजवीर सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी जलालपुर के पर्यवेक्षण में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना जैतपुर पुलिस ने यह सफलता प्राप्त की। पुलिस के अनुसार थाना जैतपुर में पंजीकृत मु0अ0सं0 97/26 धारा 309(6) बीएनएस से संबंधित चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राकेश कुमार पुत्र विजय कुमार निवासी शाहपुर फिरोजपुर थाना जलालपुर, जनपद अम्बेडकरनगर तथा श्यामू उर्फ मिथिलेश कुमार पुत्र ज्ञानदास निवासी काजीपुर थाना सरपतहा, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने दोनों अभियुक्तों को 24 जून 2026 की रात्रि लगभग 10:10 बजे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे सर्विस रोड स्थित शिवपाल अंडरपास के निकट से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक पीली धातु की चेन तथा बिना नंबर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्तों में राकेश कुमार के विरुद्ध अम्बेडकरनगर, आजमगढ़ सहित विभिन्न जनपदों में चोरी, हत्या के प्रयास, मारपीट, आबकारी अधिनियम तथा अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं श्यामू उर्फ मिथिलेश कुमार के खिलाफ भी अपहरण, चोरी तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक दुर्योधन लाल, हेड कांस्टेबल विनीत कुमार, हेड कांस्टेबल अखिलेश कुमार, कांस्टेबल सुधीर यादव, मोनू चौधरी, शुभम सिंह तथा अभिषेक प्रताप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जैतपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध कड़ा संदेश गया है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है। डिस्क्लेमर: यह समाचार पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट के आधार पर प्रकाशित किया गया है। गिरफ्तार व्यक्तियों के विरुद्ध लगाए गए आरोप पुलिस जांच का हिस्सा हैं। किसी भी अभियुक्त को न्यायालय द्वारा दोष सिद्ध किए जाने तक विधिक रूप से दोषी नहीं माना जा सकता। “खबर की तहतक” निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन करते हुए उपलब्ध आधिकारिक जानकारी के आधार पर समाचार प्रकाशित करता है। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation भाजपा उत्तर प्रदेश की नई टीम का ऐलान, 64 पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी; संगठन में अनुभव और युवा नेतृत्व का संतुलन नहर किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी