खबर की तहतक | लखनऊ निगोहां (लखनऊ)। ठंड के मौसम में बंद कार के भीतर लंबे समय तक ब्लोअर चलाना कितना जानलेवा हो सकता है, इसका गंभीर उदाहरण शुक्रवार को निगोहां थाना क्षेत्र में सामने आया। बीच सड़क पर खड़ी एक कार में बेहोश पड़े युवक की जान निगोहां पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से बच गई। यदि कुछ मिनट की भी देरी होती, तो परिणाम घातक हो सकता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, निगोहां थाना क्षेत्र में सड़क के बीच काफी देर से एक कार खड़ी थी। गश्त पर निकले कस्बा चौकी इंचार्ज दरोगा अनूप तिवारी की नजर जब कार पर पड़ी और अंदर किसी तरह की हलचल नहीं दिखी, तो उन्हें संदेह हुआ। पुलिस टीम ने तत्काल कार के पास पहुंचकर झांककर देखा, जहां चालक युवक सीट पर बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। प्राथमिक जांच में सामने आया कि युवक ने ठंड से बचने के लिए कार के सभी शीशे बंद कर लंबे समय तक ब्लोअर चला रखा था। इससे कार के भीतर ऑक्सीजन की कमी हो गई और कार्बन मोनोऑक्साइड गैस भरने से युवक बेहोश हो गया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने बिना समय गंवाए ईंट से कार का शीशा तोड़ा और युवक को बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता दी। युवक की पहचान मीरकनगर गांव निवासी सरवन के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और मौके पर पहुंचे परिजनों के साथ युवक को निजी अस्पताल भिजवाया गया। समय रहते इलाज मिलने से युवक की हालत में सुधार हुआ और उसकी जान बच गई। परिजनों ने निगोहां पुलिस, विशेषकर कस्बा चौकी इंचार्ज अनूप तिवारी की तत्परता और सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि यदि पुलिस कुछ मिनट और देर से पहुंचती, तो अनहोनी हो सकती थी। मौके पर मौजूद लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की। बंद कार में ब्लोअर का प्रयोग बन सकता है जानलेवा विशेषज्ञों के अनुसार, बंद कार में देर तक ब्लोअर चलाने से कार्बन मोनोऑक्साइड गैस बनने लगती है। शीशे बंद होने की स्थिति में यह गैस सांसों के जरिए शरीर में प्रवेश कर दम घुटने का कारण बनती है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह खतरा और भी अधिक होता है। पुलिस और विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि कार में ब्लोअर का सीमित उपयोग करें और समय-समय पर शीशे खोलते रहें। निगोहां पुलिस की सतर्कता ने न केवल एक युवक की जान बचाई, बल्कि आमजन को एक महत्वपूर्ण चेतावनी भी दी। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation UP News: एक हजार ग्राम पंचायतों में खुलेंगे आधार सेवा केंद्र, अब न घर से दूर जाना पड़ेगा… न कतार में लगना होगा हिमांशु विश्वकर्मा को न्याय दिलाने की मांग: लोकजन सोशलिस्ट पार्टी प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे अम्बेडकर नगर