18 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों पकड़ा गया वन दरोगा, एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई

खबर की तहतक

रायबरेली।

भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को लखनऊ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायबरेली जनपद के बछरावां वन विभाग में तैनात एक वन दरोगा को 18 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से वन विभाग में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बछरावां क्षेत्र के हालोर गांव निवासी मोहम्मद सलमान ने एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की थी कि वन विभाग में तैनात दरोगा संजय कुमार यादव परमिट जारी करने के नाम पर उनसे 18 हजार रुपये की अवैध धनराशि की मांग कर रहे हैं। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया।

गुरुवार दोपहर लगभग 12:40 बजे बछरावां स्थित वन विभाग रेंज कार्यालय में जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी दरोगा को रिश्वत की रकम सौंपी, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी वन दरोगा को अपने साथ बछरावां कोतवाली ले गई। जहां एंटी करप्शन टीम के प्रभारी निरीक्षक वकील कुमार पांडे की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।

एंटी करप्शन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य तथ्यों की भी जांच की जाएगी।

भ्रष्टाचार के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को आम जनता ने सराहा है और इसे सरकारी विभागों में पारदर्शिता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

डिस्क्लेमर:

यह समाचार उपलब्ध शिकायत, पुलिस/एंटी करप्शन विभाग द्वारा की गई कार्रवाई एवं प्रारंभिक सूचना के आधार पर प्रकाशित किया गया है। आरोपी को न्यायालय द्वारा दोष सिद्ध होने तक कानूनन निर्दोष माना जाएगा। मामले की जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया जारी है। “खबर की तहतक” किसी भी पक्ष के दोषी या निर्दोष होने का अंतिम दावा नहीं करता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button