खबर की तहतक अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा में शामिल होने के लिए विभिन्न जनपदों से अंबेडकरनगर पहुंचे अभ्यर्थियों के लिए भाजपा नेता एवं नारायण फाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य एक बार फिर मददगार साबित हुए। नारायण फाउंडेशन की ओर से परीक्षार्थियों के लिए निःशुल्क आवास, भोजन, विश्राम और परीक्षा केंद्र तक आवागमन की व्यवस्था की गई, जिसकी अभ्यर्थियों ने मुक्त कंठ से सराहना की। 08, 09 और 10 जून को आयोजित परीक्षा के दौरान सैकड़ों किलोमीटर दूर से आए अभ्यर्थियों को रुकने, खाने और आवागमन की चिंता से मुक्त रखने के उद्देश्य से फाउंडेशन ने व्यापक इंतजाम किए। दयानंद मौर्य के मौर्या स्टेट मैरिज लॉन, मौर्य नगर, पुंथर, टांडा में बनाए गए अस्थायी आवास केंद्र पर अभ्यर्थियों के लिए एसी कमरों, स्वच्छ भोजन, पेयजल, अध्ययन के अनुकूल वातावरण तथा परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई। विवेक मौर्य ने बताया कि बाहरी जिलों से आने वाले अनेक अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान ठहरने और भोजन जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई ताकि अभ्यर्थी किसी भी प्रकार के तनाव से मुक्त होकर अपनी परीक्षा पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें। फाउंडेशन की इस पहल का लाभ उठाने वाले अभ्यर्थियों ने इसे अपने लिए बड़ी राहत बताया। गोरखपुर और अमेठी से आए अभ्यर्थियों ने कहा कि परीक्षा के समय सबसे बड़ी चुनौती रहने और भोजन की व्यवस्था होती है। नारायण फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं ने उनकी चिंता काफी हद तक कम कर दी और उन्हें शांत वातावरण में परीक्षा की तैयारी दोहराने का अवसर मिला। वहीं बाराबंकी और सुल्तानपुर से आई महिला अभ्यर्थियों ने कहा कि बाहर किसी जिले में परीक्षा देने जाते समय सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण विषय होता है। यहां उन्हें सुरक्षित माहौल, स्वच्छ व्यवस्था, बेहतर भोजन और आरामदायक आवास मिला, जिससे परीक्षा का तनाव काफी कम हुआ। उल्लेखनीय है कि विवेक मौर्य और नारायण फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान बाहरी जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए इसी प्रकार की निःशुल्क सुविधाएं उपलब्ध कराते रहे हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह की पहल न केवल जरूरतमंद छात्रों को सहारा देती है, बल्कि जिले की सकारात्मक छवि को भी मजबूत करती है। परीक्षार्थियों ने कहा कि समाज में शिक्षा और युवाओं के भविष्य को लेकर इस प्रकार की सेवाएं प्रेरणादायी हैं तथा ऐसे प्रयास अन्य संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के लिए भी एक उदाहरण हैं। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation संगठन की मजबूती से ही मिलेगा सफलता का मार्ग : रमाशंकर सिंह माता मंदिर में पीएम मोदी के स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन के लिए हुआ विशेष पूजन