खबर की तहतक ✍️ अम्बेडकरनगर। जनपद के मालीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कौड़हा में सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे और प्रशासनिक उदासीनता का मामला सामने आया है। पीड़ित सुभाष यादव ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को तीसरी बार प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित के अनुसार गाटा संख्या 336, जो राजस्व अभिलेखों में “नवीन परती” सरकारी भूमि के रूप में दर्ज बताई जा रही है, तथा गाटा संख्या 334, जिसे चकमार्ग भूमि बताया गया है, उस पर गांव के कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य कर लिया गया है। आरोपितों में सुरेंद्र यादव, कैलाश यादव, जोगिंदर यादव, रामजीत एवं बलिकरन यादव के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। सुभाष यादव का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि जब भी राजस्व विभाग की टीम पैमाइश के लिए गांव पहुंचती है, तब कथित रूप से विपक्षी पक्ष एकत्र होकर विरोध करता है, जिससे पैमाइश प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती। पीड़ित ने मामले में फर्जी रिपोर्ट लगाकर शिकायतों के निस्तारण का भी आरोप लगाया है। पीड़ित का यह भी कहना है कि शिकायत करने के बाद से उन्हें और उनके परिवार को लगातार गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे परिवार भय और तनाव के माहौल में जीवन यापन कर रहा है। मामले को लेकर गांव में चर्चा का माहौल है और स्थानीय लोग भी प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस बल की मौजूदगी में निष्पक्ष पैमाइश कराने, कथित अवैध अतिक्रमण हटवाने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। अब देखने वाली बात होगी कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान कब तक होता है। डिस्क्लेमर : यह समाचार पीड़ित पक्ष द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र एवं उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। समाचार में लगाए गए आरोप संबंधित पक्ष के दावे हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की वास्तविक स्थिति प्रशासनिक जांच एवं सक्षम न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी। समाचार का उद्देश्य केवल जनहित में तथ्यात्मक जानकारी प्रस्तुत करना है। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation कानपुर-बिठूर हाईवे पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, 250 छात्रों ने ली सुरक्षा की शपथ विद्युत अधिनियम के मामले में वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार, इब्राहिमपुर पुलिस की कार्रवाई