खबर की तहतक ✍️ जलालपुर, अंबेडकरनगर। नगर पालिका क्षेत्र जलालपुर में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग एवं तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा की गई जांच कार्रवाई के दौरान व्यापारियों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। कार्रवाई के तहत एक किराना दुकान से घी का नमूना जांच के लिए लिया गया, जिसको लेकर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने नाराजगी जताई। जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमप्रकाश एवं नायब तहसीलदार अमरनाथ द्विवेदी के नेतृत्व में टीम पकड़ियातर क्षेत्र स्थित चिरंजीव लाल घनश्याम दास गुप्ता किराना स्टोर पर पहुंची। यह दुकान उर्दू बाजार के निकट मां दुर्गा मंदिर के पास स्थित बताई गई है। टीम ने दुकान पर खाद्य पदार्थों की जांच करते हुए अनिक ब्रांड घी का सैंपल संग्रहित किया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही व्यापार मंडल के पूर्व नगर अध्यक्ष देवेश मिश्रा एवं जिला अध्यक्ष आनंद जायसवाल मौके पर पहुंच गए और जांच प्रक्रिया पर आपत्ति जताई। व्यापारियों का कहना था कि जांच के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी से बाजार में भय और असहजता का माहौल बन गया। विरोध के दौरान व्यापारियों ने अधिकारियों से सवाल किया कि नियमित जांच के लिए इतनी पुलिस फोर्स की आवश्यकता क्यों पड़ी। इस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमप्रकाश ने कहा कि पुलिस बल के साथ पहुंचना आवश्यक नहीं था और यह “अनावश्यक स्थिति” बन गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग सामान्य प्रक्रिया के तहत भी जांच कर सकता था। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार घी का नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। छापेमारी की खबर फैलते ही आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। कुछ समय तक बहस और विरोध की स्थिति बनी रही, हालांकि बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाइश देकर माहौल शांत कराया। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की कि जांच अभियान पूरी पारदर्शिता और सम्मानजनक तरीके से चलाया जाए, ताकि व्यापारियों में अनावश्यक भय का वातावरण न बने। वहीं प्रशासन का कहना है कि मिलावटी एवं संदिग्ध खाद्य पदार्थों पर निगरानी रखना जनहित में आवश्यक है। — खबर की तहतक Follow us on YouTube channel 👉 Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation उत्तर प्रदेश में लापरवाह स्वास्थ्य कर्मियों पर बड़ी कार्रवाई, 5 चिकित्साधिकारी बर्खास्त; कई अधिकारियों पर विभागीय जांच बूथ सशक्तिकरण पर भाजपा का जोर, जलालपुर में संगठनात्मक बैठक सम्पन्न