अंबेडकरनगर में बाईपास पर 283 करोड़ की लागत से बनेंगे दो फोरलेन रेल ओवरब्रिज, जाम से मिलेगी बड़ी राहत

खबर की तहतक | वेब पोर्टल रिपोर्ट

अंबेडकरनगर।

जिला मुख्यालय अकबरपुर को जाम की गंभीर समस्या से शीघ्र ही बड़ी राहत मिलने जा रही है। अकबरपुर से बसखारी तक प्रस्तावित फोरलेन बाईपास मार्ग पर दो महत्वपूर्ण फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण को शासन की स्वीकृति मिल गई है। इन दोनों रेल ओवरब्रिज के निर्माण पर कुल 283 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी, जिससे अयोध्या, टांडा, आजमगढ़ और बहराइच जैसे जिलों के बीच आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा।

बताया गया कि वर्ष 2021 में स्वीकृत 11.41 किलोमीटर लंबे अकबरपुर बाईपास की परियोजना की पुनरीक्षित लागत बढ़कर अब 535 करोड़ 35 लाख 72 हजार रुपये हो गई है। इस बाईपास के अंतर्गत अयोध्या–अकबरपुर रेलखंड एवं अकबरपुर–टांडा रेलखंड पर फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार,

अकबरपुर–टांडा रेलखंड पर 991 मीटर लंबे फोरलेन ओवरब्रिज का निर्माण अब 176 करोड़ 18 लाख 23 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा।

वहीं अयोध्या–अकबरपुर रेलखंड पर 714 मीटर लंबे फोरलेन ओवरब्रिज की लागत बढ़कर 106 करोड़ 10 लाख 66 हजार रुपये हो गई है।

बाईपास निर्माण कार्य बजट के अभाव में प्रभावित हो रहा था। समयसीमा पूरी होने और महंगाई को ध्यान में रखते हुए कार्यदायी संस्था ने पुनरीक्षित आगणन बनाकर शासन को भेजा था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है। इसके साथ ही परियोजना में आ रही वित्तीय बाधा दूर हो गई है।

यह बाईपास बहराइच–फैजाबाद–आजमगढ़ मार्ग से निकलकर अकबरपुर–गौहनिया, अकबरपुर–इल्तिफातगंज मार्ग होते हुए टांडा–लुंबिनी हाइवे से जुड़ता है और पुनः बहराइच–फैजाबाद–आजमगढ़ मार्ग पर मिलता है। अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र में घनी आबादी और व्यस्त बाजार होने के कारण बाईपास का निर्माण लंबे समय से आवश्यक माना जा रहा था।

बाईपास के पूरा होने से भारी वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा, जिससे जाम की समस्या में भारी कमी आएगी। साथ ही आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जिले के आर्थिक व सामाजिक विकास को गति मिलेगी।

इस संबंध में विधान परिषद सदस्य डॉ. हरिओम पांडेय ने बताया कि अयोध्या–बसखारी मार्ग पर बाईपास और दोनों फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में आ रही बाधाएं अब समाप्त हो गई हैं। शासन से पुनरीक्षित लागत को स्वीकृति मिल चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य पूरा कर जनसमस्या का समाधान किया जाएगा।

वेब पोर्टल खबर की तहतक के माध्यम से स्थानीय लोगों ने भी उम्मीद जताई है कि बाईपास और रेल ओवरब्रिज के निर्माण से अंबेडकरनगर को जाम से स्थायी निजात मिलेगी और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button