खबर की तहतक ✍️ पटना। राजधानी पटना के पालीगंज थाना क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां स्कूल से घर लौट रही महज 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ एक नाबालिग किशोर ने दरिंदगी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और भय का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची रोज की तरह गांव के स्कूल से छुट्टी के बाद अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के ही एक किशोर ने उसे रास्ते में रोक लिया और बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसने इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि मासूम बच्ची गंभीर हालत में खून से लथपथ किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। बच्ची की स्थिति देख परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर को उसके गांव से ही हिरासत में ले लिया। पीड़िता की माँ की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। लोग आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। यह घटना एक बार फिर समाज में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है, जिस पर ठोस और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation आंधी-बारिश भी नहीं डिगा सकी साहित्य प्रेमियों का उत्साह, नरेंद्र देव इंटर कॉलेज में देर रात तक गूंजता रहा काव्य स्वर गांव गंदगी में डूबे, दफ्तरों में ‘सफाई कर्मियों’ से बाबूगिरी—जलालपुर ब्लॉक की हकीकत पर उठे तीखे सवाल