खबर की तहतक ✍️ अंबेडकरनगर, बुधवार। नरेंद्र देव इंटर कॉलेज में आयोजित कवि सम्मेलन और मुशायरा प्राकृतिक बाधाओं के बीच भी साहित्य प्रेमियों के अदम्य उत्साह का साक्षी बना। कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य स्व. अनिरुद्ध सिंह की पाँचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने भावनात्मक श्रद्धांजलि के साथ-साथ साहित्यिक ऊर्जा का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। बुधवार की शाम 8 बजे कॉलेज मैदान में प्रस्तावित यह कवि सम्मेलन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से जूझता रहा। दोपहर की प्रचंड धूप के बाद शाम को अचानक तेज आंधी और बारिश ने आयोजन की रफ्तार को थाम दिया। कार्यक्रम की शुरुआत होते ही मूसलाधार वर्षा ने श्रोताओं और मंचासीन कवियों को कुर्सियां छोड़ सुरक्षित स्थान की ओर भागने पर मजबूर कर दिया। हालांकि, साहित्य के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता और जिजीविषा ने मौसम की मार को भी मात दे दी। आयोजकों और श्रोताओं के सहयोग से कार्यक्रम को कॉलेज के हाल में स्थानांतरित किया गया, जहां देर रात तक काव्य और शायरी की रसधार बहती रही। इस अवसर पर देश के ख्यातिलब्ध कवि और शायरों ने अपनी रचनाओं से माहौल को जीवंत कर दिया। शबीना अदीब, स्वयं श्रीवास्तव, जौहर कानपुरी, अज़्म शाकरी, डॉ. हरि प्रकाश, अभय निर्भीक, गैबी जौनपुरी, सौरभ त्रिपाठी, इंसाफ टांडवी, अशहद जलालपुरी, सादिया इकरा और अहमद अयाज़ ने अपने काव्य पाठ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में केएनएस अस्पताल की संचालिका मधुलिका सिंह, पूर्व सांसद रितेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयम्बक तिवारी, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष कमर हयात, भाजपा नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि, आशुतोष सिंह, दीपक तिवारी, शाहकार जलालपुरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में स्व. अनिरुद्ध सिंह के प्रति श्रद्धा और सम्मान की भावना स्पष्ट रूप से झलकती रही। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कार्यक्रम का सफल आयोजन यह संदेश देता है कि साहित्य और संवेदनाओं की शक्ति हर बाधा को पार कर सकती है। यह कवि सम्मेलन न केवल एक स्मृति आयोजन रहा, बल्कि यह साबित कर गया कि जब शब्दों में संवेदना और समाज के प्रति समर्पण हो, तो प्रकृति की चुनौतियां भी उत्साह को कम नहीं कर पातीं। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation मुशायरे में जा रहे शायर सड़क हादसे में बाल-बाल बचे, भीषण टक्कर से मची अफरा-तफरी स्कूल से घर लौट रही मासूम से दरिंदगी, नाबालिग आरोपी पुलिस के शिकंजे में