खबर की तहतक ✍️ (वेब पोर्टल) अंबेडकरनगर। जिले के अकबरपुर नगर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब नगर पालिका चेयरमैन चंद्र प्रकाश वर्मा की गाड़ी पर फायरिंग की सूचना डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई और तत्काल पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। मिली जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति ने डायल 112 पर कॉल कर बताया कि 4-5 युवकों ने चेयरमैन की गाड़ी पर गोलीबारी की है। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और अकबरपुर थाने की पुलिस तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची, लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद जांच में ऐसी किसी भी घटना की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस जांच के दौरान कॉल करने वाले का मोबाइल फोन स्विच ऑफ पाया गया, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसके बाद पुलिस ने गहन जांच शुरू की, जिसमें यह स्पष्ट हो गया कि फायरिंग की सूचना पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक थी। क्षेत्राधिकारी अकबरपुर नितीश कुमार तिवारी ने बताया कि यह सूचना 14 अप्रैल को डायल 112 के माध्यम से प्राप्त हुई थी, जो जांच में असत्य पाई गई है। वहीं नगर पालिका चेयरमैन चंद्र प्रकाश वर्मा ने स्वयं सामने आकर स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार की कोई घटना नहीं हुई है। उन्होंने आमजन से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस अब फर्जी सूचना देने वाले अज्ञात व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि झूठी सूचनाओं से न सिर्फ पुलिस प्रशासन का समय बर्बाद होता है, बल्कि आमजन में अनावश्यक भय और अफवाह का माहौल भी बनता है। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation धूमधाम से मनाई गई भीमराव अंबेडकर की जयंती, जगह-जगह हुए कार्यक्रम ग्रामसभा गौराकमाल में धूमधाम से मनाई गई अंबेडकर जयंती, युवाओं को दिया गया जागरूकता का संदेश