खबर की तहतक ✍️ (वेब पोर्टल) बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कुदरहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में जबरन नॉर्मल डिलीवरी कराने के प्रयास के दौरान नवजात का सिर धड़ से अलग हो गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, कलवारी थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव निवासी प्रेमा देवी सात माह की गर्भवती थीं। प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उन्हें कुदरहा सीएचसी लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद स्टाफ ने बिना उचित जांच के उन्हें दर्द का इंजेक्शन दिया और गंभीर स्थिति होने के बावजूद उच्च केंद्र रेफर करने के बजाय जबरन नॉर्मल डिलीवरी कराने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि डिलीवरी के दौरान स्टाफ नर्स ने नवजात को जोर से खींचा, जिससे उसका सिर धड़ से अलग हो गया। धड़ बाहर आ गया जबकि सिर गर्भाशय में ही फंस गया। घटना के बाद महिला की हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद परिजन हंगामा करते हुए उसे पहले निजी अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज बस्ती ले गए। वहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गर्भाशय में फंसा नवजात का सिर बाहर निकाला और महिला की जान बचाई। फिलहाल प्रसूता की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। परिजनों ने मामले में संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation अज्ञात बोलेरो की टक्कर से ई-रिक्शा सवार महिला की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में शोक व आक्रोश धूमधाम से मनाई गई भीमराव अंबेडकर की जयंती, जगह-जगह हुए कार्यक्रम