खबर की तहतक ✍️ जलालपुर, अम्बेडकरनगर। अखिल भारतीय महिला हॉकी टूर्नामेंट के उद्घाटन से एक दिन पूर्व बुधवार को शहर में उत्साह और ऊर्जा से भरपूर एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। अभिनव क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस रैली का नेतृत्व क्लब अध्यक्ष दीपक त्रिपाठी ने किया, जिसका मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और खेलों के प्रति जनजागरूकता फैलाना रहा। रैली में स्पोर्ट्स कॉलेज की महिला हॉकी टीम, अभिनव क्लब की महिला टीम एवं अमर गांधी बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने जोश और उमंग के साथ सहभागिता की। खिलाड़ियों के हाथों में ट्रॉफियां और चेहरों पर जीत का जज्बा साफ नजर आ रहा था, जिसने पूरे माहौल को खेलमय बना दिया। रामलीला मैदान से प्रारंभ हुई यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों—यादव चौराहा, अयोध्या चौक और शहीद पार्क से होकर पुनः रामलीला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान छात्राओं और खिलाड़ियों ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ एवं ‘खेलोगे, तो आगे बढ़ोगे’ जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से समाज को मजबूत संदेश दिया कि बेटियां अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और खेल भी उनके सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम है। रैली में संयोजक देवेश मिश्र, कोतवाल अजय प्रताप यादव, कोषाध्यक्ष आनंद जायसवाल, आदित्य गोयल, सहसंयोजक शाहनवाज, सचिव शनि पांडे और विकास निषाद सहित कई पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने जानकारी दी कि गुरुवार को होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर से महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच मिलने के साथ-साथ महिला खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation मिशन शक्ति टीम की कार्रवाई: पाक्सो एक्ट में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार 9 साल बेमिसाल” अभियान के तहत भाजपा का पत्रक वितरण, जनता को गिनाई सरकार की उपलब्धियां