यूपी के 25 लाख युवाओं को मिलेंगे मुफ्त टैबलेट, योगी कैबिनेट ने टेंडर को दी मंजूरी

खबर की तहतक ✍️

लखनऊ।

योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। सरकार ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय से प्रदेश के लाखों छात्रों और प्रशिक्षुओं को सीधे लाभ मिलेगा।

कैबिनेट बैठक में कुल 22 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई, जिनमें यह योजना प्रमुख रही। सरकार ने पहले ही इस योजना के लिए पर्याप्त बजट की व्यवस्था कर रखी है। पिछले वित्तीय वर्ष में 2000 करोड़ रुपये और वर्तमान बजट में 2374 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं, यानी कुल 4374 करोड़ रुपये इस योजना पर खर्च किए जाएंगे।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि योजना के अंतर्गत स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य शिक्षा, आईटीआई तथा कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़े छात्र-छात्राओं को निशुल्क टैबलेट दिए जाएंगे। इससे युवाओं की पढ़ाई को डिजिटल माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

सरकार का मानना है कि इस पहल से प्रदेश के युवा तकनीकी रूप से सशक्त होंगे और उन्हें रोजगार, स्वरोजगार तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सहायता मिलेगी। साथ ही सेवामित्र पोर्टल पर पंजीकृत कुशल युवाओं को भी इसका लाभ मिलेगा।

गौरतलब है कि वर्ष 2021-22 से शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक लगभग 60 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जा चुके हैं। पिछले वर्षों के आधार पर एक टैबलेट की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये आंकी गई है, जिससे 25 लाख टैबलेट की खरीद में लगभग 3000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

प्रदेश सरकार की इस पहल को डिजिटल शिक्षा और युवा सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button