वेब पोर्टल – खबर की तहतक ✍️ अम्बेडकरनगर। जनपद के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। दरोगा बनने का सपना संजोए दो होनहार युवकों की दर्दनाक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसिया ओझा नगर के पास शुक्रवार रात करीब नौ बजे एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक उछलकर सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि भदया गांव निवासी 22 वर्षीय नितिन कन्नौजिया पुत्र वीरेंद्र कन्नौजिया और आजमगढ़ जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र के देवारा जदीद गांव निवासी 21 वर्षीय मुकुल प्रजापति पुत्र श्रीराम मोटरसाइकिल से पेट्रोल भरवाने जा रहे थे। दोनों युवक सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और एक दिन बाद उन्हें परीक्षा देने जाना था। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और थाना प्रभारी अक्षय कुमार पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की खबर जैसे ही गांव पहुंची, दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल फैल गया। परिजनों के अनुसार दोनों युवक कड़ी मेहनत से पढ़ाई कर रहे थे और दरोगा बनकर परिवार का सहारा बनने का सपना देख रहे थे, लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने उनके सभी सपनों को हमेशा के लिए अधूरा छोड़ दिया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने डायल 112 वाहन को जिम्मेदार ठहराते हुए राजेसुल्तानपुर चौक पर जाम लगा दिया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए। सूचना पर कई थानों की पुलिस और पीएसी मौके पर तैनात कर दी गई। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक श्यामदेव, एसडीएम आलापुर और तहसीलदार ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। थानाध्यक्ष अक्षय कुमार पटेल ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने न केवल दो घरों के चिराग बुझा दिए, बल्कि पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। दरोगा बनने का सपना देख रहे दो युवकों की असमय मौत से हर आंख नम है। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation पारिवारिक विवाद से तंग आकर महिला ने खाया जहर, मौत के बाद पति गिरफ्तार दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, जैतपुर पुलिस ने भेजा जेल