जनपद में एलपीजी की होम डिलीवरी व्यवस्था सख्ती से होगी लागू, अफवाहों पर ध्यान न दें – डीएम अनुपम शुक्ला

खबर की तहतक ✍️

अंबेडकरनगर।

जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों और उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि पूरे जनपद में एलपीजी की होम डिलीवरी व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि हर उपभोक्ता को गैस सिलेंडर सीधे उसके घर तक उपलब्ध कराया जा सके।

बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु की उपस्थिति में एलपीजी वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला पूर्ति अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों Bharat Petroleum, Hindustan Petroleum और Indian Oil Corporation के प्रतिनिधि तथा जनपद के सभी एलपीजी वितरक मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की सीधे उनके घर पर डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि कोई उपभोक्ता एजेंसी पर पहुंचता है तो उसे तत्काल टोकन दिया जाए, जिसमें गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी की निर्धारित समय-सीमा स्पष्ट रूप से अंकित हो।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि किसी भी गैस एजेंसी पर अनावश्यक भीड़ न लगे और उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी व्यवस्था के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाए। किसी प्रकार की समस्या आने पर संबंधित उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस या पूर्ति निरीक्षक से समन्वय कर उपभोक्ताओं को सुगमता से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि सुबह 9 बजे से 11 बजे के बीच बुकिंग नंबरों पर अधिक दबाव होने के कारण कभी-कभी तकनीकी समस्या आ जाती है। इस पर जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे इस समय के अतिरिक्त भी गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि होम डिलीवरी के समय हॉकर को ओटीपी देना अनिवार्य होगा, इसलिए उपभोक्ता बुकिंग के समय पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी सुरक्षित रखें और डिलीवरी के समय उपलब्ध कराएं।

इसके साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी को एलपीजी से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए कंट्रोल रूम संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां आपूर्ति विभाग के कर्मचारियों की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाकर उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की गैस एजेंसियों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए होम डिलीवरी के माध्यम से पारदर्शी वितरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं गैस की होल्डिंग या ओवररेटिंग की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button