खबर की तहतक ✍️ अंबेडकर नगर। जनपद के टाण्डा स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में फर्जी बॉन्ड पेपर के जरिए लाखों रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने सहयोगी बैंक अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अपराधों की रोकथाम एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी टाण्डा के आदेश पर कार्रवाई की गई। इसी क्रम में कोतवाली टाण्डा पुलिस टीम ने थाना स्थानीय पर दर्ज मु0अ0सं0 31/26 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) व 61(2) बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त गौरव दूबे (32) पुत्र सुनील कुमार दूबे को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को भिरिया चौराहा, जनपद बस्ती से 10 मार्च 2026 की रात 9:20 बजे हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से ग्राम मुलनापुर भीखापुर, थाना कोतवाली नगर जनपद अयोध्या का निवासी है और वर्तमान में पंजाब नेशनल बैंक की भिरिया ऋतुराज शाखा, बस्ती में उपशाखा प्रबंधक के पद पर तैनात था। इससे पहले वह वर्ष 2021 से जून 2024 तक टाण्डा स्थित छज्जापुर शाखा में उपशाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत रहा। जांच में सामने आया कि बैंक शाखा में पीएनबी मेट लाइफ इंश्योरेंस का एजेंट उमेर अहमद ग्राहकों का बीमा कराने के नाम पर बैंक में बैठता था। आरोप है कि वह ग्राहकों से फर्जी तरीके से हस्ताक्षर कराकर चेक के माध्यम से उनके खातों से रकम अपने परिजनों और रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर कराता था तथा कई बार चेक के जरिए नगद धनराशि भी निकाल लेता था। पुलिस के मुताबिक, जब ऐसे चेक पास कराने के लिए आरोपी बैंक अधिकारी के पास आते थे तो शुरुआत में वह मना करता था, लेकिन बाद में एजेंट द्वारा लालच दिए जाने पर वह इस जाल में फंस गया। आरोप है कि ट्रांसफर की गई धनराशि पर लगभग 20 प्रतिशत और नकद निकासी पर करीब 50 प्रतिशत हिस्सेदारी के रूप में आरोपी को पैसा दिया जाता था। इसी लालच में आकर उसने कई संदिग्ध चेक पास किए, जिससे लाखों रुपये का गबन हुआ। इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली टाण्डा में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम: उपनिरीक्षक अजीत कुमार चौधरी, उपनिरीक्षक अर्जुन तथा हेड कांस्टेबल विजय कुमार, थाना कोतवाली टाण्डा, जनपद अंबेडकरनगर। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation दुष्कर्म समेत कई गंभीर धाराओं में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार ट्यूबवेल में मिला 85 वर्षीय वृद्ध का शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा