खबर की तहतक ✍️ मेरठ/खरखौदा। उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के खरखौदा क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पा चुका एक व्यक्ति जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद अपनी रिश्ते की भाभी पर अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। महिला द्वारा विरोध और पुलिस में शिकायत की चेतावनी देने पर आरोपी ने खौफनाक कदम उठाते हुए उस पर तेजाब फेंक दिया। हालांकि भाभी तो बाल-बाल बच गईं, लेकिन उनकी देवरानी और दो मासूम बेटियां तेजाब की चपेट में आकर झुलस गईं। पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार दोपहर की है। पीड़िता अपने घर के चौक में देवरानी और उसकी दो छोटी बेटियों के साथ बैठी हुई थी। इसी दौरान आरोपी अजय कांच की बोतल में तेजाब लेकर वहां पहुंचा और भाभी के ऊपर फेंक दिया। महिला ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी का हाथ पकड़ लिया, जिससे तेजाब का रुख बदल गया और पास में बैठी देवरानी तथा उसकी दो साल की दो बेटियां झुलस गईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही थाना खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए लालपुर स्थित एनसीआर मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी अजय करीब दस वर्ष पहले गांव के ही देवी सहाय की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था और उसे उम्रकैद की सजा हुई थी। हाल ही में वह हाईकोर्ट से जमानत पर जेल से बाहर आया था। जेल से छूटने के बाद वह लगातार अपनी भाभी पर अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहा था और मना करने पर उसे अंजाम भुगतने की धमकी दे रहा था। महिला और उसके पति की तहरीर पर खरखौदा थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए स्वाट टीम सहित कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपित की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation किसान के बेटे शिवम सिंह का ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी नेटबॉल नेशनल में चयन, कल भोपाल में होगा मुकाबला मधुमक्खियों के हमले से मेला बना मातम: दर्शन करने आए श्रद्धालु की मौत, दो घायल