टांडा में दोहरी हत्या का सनसनीखेज खुलासा, मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

खबर की तहतक ✍️

अम्बेडकर नगर।

जनपद के थाना टाण्डा क्षेत्र में हुई हत्या की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए मुख्य अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। संयुक्त कार्रवाई में कोतवाली टांडा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी टांडा शुभम कुमार के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने शनिवार तड़के करीब 3:40 बजे हसनपुर सुंथर स्थित प्रस्तावित पेट्रोल पंप के पास मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त को धर दबोचा।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रेमचंद्र उर्फ चंदू पुत्र छोटेलाल निवासी छांगुरपुर मिश्रौलिया, थाना कोतवाली टांडा (उम्र करीब 35 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से दो सोने की चेन, 64 हजार रुपये नकद, एक रेडमी मोबाइल फोन, एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चापड़, फावड़ा तथा अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए।

लालच और कर्ज बना हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह आर्थिक तंगी और कर्ज से परेशान था। पत्नी के ऑपरेशन में काफी खर्च होने तथा जुए की लत के कारण उस पर कर्ज बढ़ गया था। इसी बीच उसने देखा कि ठेकेदार सुरेन्द्र माँझी हमेशा अपने पास नकद रुपये और सोने की चेन रखते हैं। लालच में आकर उसने अपने साथी अरविन्द कुमार प्रजापति के साथ मिलकर उन्हें लूटने और मारने की योजना बनाई।

3 मार्च 2026 को दोनों ने सुरेन्द्र माँझी को पेड़ दिखाने के बहाने ग्राम जनार्दनपुर के बाग में बुलाया। वहां पहले तमंचे से हमला करने की कोशिश की, लेकिन हाथापाई में तमंचा गिर गया। इसके बाद अरविन्द ने बाँका से वार किया और प्रेमचंद्र ने फावड़े से सिर पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपी मृतक की सोने की चेन, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए।

साथी को भी उतारा मौत के घाट

पुलिस के अनुसार बाद में लूट के बंटवारे को लेकर दोनों में विवाद हो गया। अरविन्द अधिक हिस्सा मांगने लगा और पुलिस को जानकारी देने की धमकी देने लगा। इस पर प्रेमचंद्र उसे शराब के ठेके पर ले गया और ज्यादा शराब पिलाकर जहर दे दिया। हालत बिगड़ने पर उसे अकूतपुर नहर के पास गेहूं के खेत में गड्ढे में धकेलकर छोड़ दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।

बरामदगी और आपराधिक इतिहास

पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त फावड़ा, चापड़, दो सोने की चेन (करीब 41.18 ग्राम व 13.88 ग्राम), 64 हजार रुपये नकद, जली हुई मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है। अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस टीम को मिली सफलता

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी, स्वाट टीम प्रभारी संजय पाण्डेय, एसओजी प्रभारी विनोद कुमार यादव तथा सर्विलांस टीम प्रभारी प्रभाकान्त तिवारी समेत पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने अहम भूमिका निभाई।

पुलिस ने घायल अभियुक्त का प्राथमिक उपचार कराने के बाद विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button