खबर की तहतक | अम्बेडकरनगर

जनपद अम्बेडकरनगर के थाना बसखारी क्षेत्र अंतर्गत शुकुलबाजार में उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे खड़े एक ऑटो-रिक्शा में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर श्री नितीश कुमार तिवारी ने मीडिया को बताया कि सूचना मिलते ही थाना बसखारी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मृत व्यक्ति की पहचान संजय उर्फ गप्पू पुत्र राम दुलार निवासी ग्राम पड़रिया फौलाद पुर थाना क्षेत्र बसखारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं, हालांकि मृत्यु के कारणों का सही पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

क्षेत्राधिकारी नगर ने बताया कि घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है तथा ऑटो-रिक्शा को भी जांच के दायरे में लिया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

फिलहाल इस घटना से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button