खबर की तह तक | अम्बेडकरनगर अम्बेडकरनगर जनपद में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बावजूद ओवरलोडिंग वाहनों पर लगाम नहीं लग पा रही है। ताज़ा मामला अहिरौली थाना क्षेत्र के यादवनगर के पास सामने आया, जहाँ मेला से घर लौट रही एक ओवरलोड डीसीएम वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े गन्ना टाला से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें तत्काल एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक और घायल सभी बुलंदशहर जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं, जो मेला में खझला बेच कर वापस लौट रहे थे। सूचना मिलते ही अहिरौली थानाध्यक्ष अभिषेक तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी मंगाई गई, जिसके बाद कड़ी मशक्कत से वाहनों को अलग कर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों के उपचार की व्यवस्था कराई गई। इस भीषण हादसे ने एक बार फिर ओवरलोडिंग वाहनों की अनदेखी और लापरवाह परिवहन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जनपद में लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार विभागों की निष्क्रियता आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरलोडिंग वाहनों पर सख्त कार्रवाई और नियमित चेकिंग की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों पर अंकुश लगाया जा सके। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation कोहरा और शीतलहर पर मुख्यमंत्री योगी सख्त, प्रदेशभर में अलर्ट मोड शुकुलबाजार में खड़े ऑटो-रिक्शा में मिला व्यक्ति का शव, पुलिस ने बताया पूरा मामला