होली पर्व को लेकर कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न, प्रशासन ने दिए आवश्यक निर्देश

खबर की तहतक ✍️

जलालपुर / अम्बेडकर नगर।

आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली जलालपुर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपजिलाधिकारी जलालपुर राहुल गुप्ता, कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप यादव तथा क्षेत्राधिकारी जलालपुर अनूप कुमार सिंह सहित नगर के सभासद, धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक में होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपजिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने नगरपालिका को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए सफाई कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जाए तथा इसकी सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। जहां पाइपलाइन के माध्यम से पानी की आपूर्ति संभव नहीं है, वहां टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही नगर क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। होली के दिन पूरे नगर में नियमित जलापूर्ति बनाए रखने तथा विद्युत बाधित होने की स्थिति में जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या असामाजिक गतिविधि करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

उपजिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि होलिका दहन निर्धारित तिथि 3 मार्च एवं 4 मार्च की मध्य रात्रि में ही किया जाए, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे। प्रशासन ने नागरिकों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।

Follow us on YouTube channel 👉

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button