खबर की तहतक ✍️ फर्रुखाबाद। जनपद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब मोहल्ला कूंचा में एक बुजुर्ग दंपती की घर के अंदर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में लूट के इरादे से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार मोहल्ला कूंचा निवासी पुरुषोत्तम कौशल (70) और उनकी पत्नी पुष्पा देवी (65) घर में अकेले रहते थे। उनकी गोद ली हुई बेटी की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व हो चुकी है और वह अपने ससुराल में रहती है। गुरुवार दोपहर मोहल्ले का एक युवक दूध देने के लिए उनके घर पहुंचा। काफी आवाज देने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने दरवाजे को धक्का दिया, जो खुल गया। अंदर जाकर युवक ने देखा कि पुरुषोत्तम कौशल का शव बेड पर पड़ा था, जबकि उनकी पत्नी पुष्पा देवी का शव बेड के पास जमीन पर पड़ा था। पुरुषोत्तम के गले में रस्सी कसी हुई थी। यह दृश्य देखकर युवक ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कायमगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घर के अंदर सामान बिखरा मिला, जिससे लूट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र को घेराबंदी कर सील कर दिया और किसी को भी घर के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। घटना की जानकारी मृतक दंपती की बेटी को दे दी गई है, जिसकी शादी एटा जनपद के अलीगंज थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव में हुई है। पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित एंगल पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है। (खबर की तहतक – सत्य के साथ) Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार, बेवाना पुलिस की कार्रवाई क्षेत्रीय सड़कों के निर्माण व मरम्मत को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन