खबर की तहतक ✍️ नेटवर्क, गोरखपुर योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया है कि किसी भी मामले में यदि जांच के दौरान गलत रिपोर्ट लगाए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर प्रकरण की निष्पक्ष, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण जांच अनिवार्य है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अक्षम्य होगी। शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। यह कार्यक्रम महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित किया गया था, जहां फरियादियों ने प्रशासनिक और पुलिस से जुड़ी विभिन्न शिकायतें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। जनता दर्शन में कुछ मामलों में पीड़ितों ने आरोप लगाया कि उनके प्रकरणों में जानबूझकर गलत जांच रिपोर्ट लगाई गई है। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि पीड़ितों की मदद में किसी प्रकार की शिथिलता या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का निस्तारण निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। यदि किसी स्तर पर जानबूझकर प्रकरण को लंबित रखा गया है, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भूमि कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर भी विधि सम्मत कठोर कदम उठाने के आदेश दिए। जनता दर्शन के दौरान इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर शासन को भेजी जाए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फरियादियों के साथ आए बच्चों को स्नेहपूर्वक चॉकलेट दी और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद मंदिर प्रवास के दौरान उन्होंने गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया तथा मंदिर की गोशाला में पहुंचकर गोसेवा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन को त्वरित न्याय और राहत मिले तथा किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या मनमानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation विधानसभा में CM योगी का तंज, बोले— ‘बिस्मिल्लाह खां को फांसी क्यों?’… किस्सा सुनते ही गूंजे ठहाके बम-बम भोले: महाशिवरात्रि पर जलालपुर में उमड़ा आस्था का महासागर, शिवालयों में दिनभर लगी रहीं कतारें