बजट 2026–27 प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का रोडमैप: हंसराज विश्वकर्मा ,  विधानसभा में बोले—यह बजट आंकड़ों का नहीं, विकसित उत्तर प्रदेश का दस्तावेज़

खबर की तहतक ✍️

लखनऊ।

वित्तीय वर्ष 2026–2027 के बजट पर सदन में चर्चा के दौरान माननीय सदस्य श्री हंसराज विश्वकर्मा ने बजट को उत्तर प्रदेश के समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और आर्थिक सुदृढ़ता का स्पष्ट रोडमैप बताते हुए सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि प्रदेश के उज्ज्वल और आत्मनिर्भर भविष्य की ठोस नींव है।

वैश्विक चुनौतियों के बीच मजबूत संकल्प

माननीय सदस्य ने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, आम नागरिक के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में स्थापित करने का स्पष्ट संकल्प दर्शाता है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024–25 में प्रदेश की जीएसडीपी 30.25 लाख करोड़ रुपये तक पहुँचना, प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि, बेरोज़गारी दर में कमी और लाखों लोगों का बहुआयामी गरीबी से बाहर आना सरकार की सफल आर्थिक नीतियों का प्रमाण है।

‘विकसित उत्तर प्रदेश–2047’ की दिशा में ठोस कदम

श्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि यह बजट “विकसित उत्तर प्रदेश–2047” के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार करता है। अवसंरचना विकास, औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन और सामाजिक सुरक्षा में संतुलित दृष्टिकोण इसे विशिष्ट बनाता है।

उद्योग, निवेश और स्टार्टअप को नई गति

उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की सफलता, बड़े पैमाने पर एमओयू, मोबाइल फोन व इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में अग्रणी भूमिका और स्टार्टअप रैंकिंग में “लीडर श्रेणी” प्राप्त करना प्रदेश में निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए ऐतिहासिक बजट

माननीय सदस्य ने कृषि क्षेत्र के लिए बजट को ऐतिहासिक बताते हुए गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान, एमएसपी पर खरीद, फसल बीमा, सिंचाई के लिए निःशुल्क बिजली जैसे प्रावधानों की सराहना की।

महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए स्वयं सहायता समूह, मिशन शक्ति, सेफ सिटी परियोजना और वर्किंग वूमेन हॉस्टल को उन्होंने बजट की “आत्मा” बताया।

वहीं युवाओं के लिए कौशल विकास, स्टार्टअप सहायता, टैबलेट/स्मार्टफोन वितरण और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना को भविष्य निर्माण का मजबूत आधार बताया।

शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था पर फोकस

उन्होंने नए मेडिकल कॉलेज, ट्रॉमा सेंटर, शिक्षा संस्थानों के सुदृढ़ीकरण और पुलिस आधुनिकीकरण को प्रदेश के मानव संसाधन और निवेश माहौल के लिए आवश्यक कदम बताया।

वित्तीय अनुशासन के साथ विकास

माननीय सदस्य ने कहा कि बजट की बड़ी विशेषता इसका वित्तीय अनुशासन है। नियंत्रित राजकोषीय घाटा, राजस्व बचत और पूंजीगत व्यय में वृद्धि यह दर्शाती है कि सरकार विकास के साथ वित्तीय स्थिरता पर भी पूरी तरह सजग है।

बजट को दिया पूर्ण समर्थन

अंत में श्री हंसराज विश्वकर्मा ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए समृद्ध, सुरक्षित और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की नींव रखेगा। उन्होंने बजट का पूर्ण समर्थन करते हुए सरकार को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button