विराट हिंदू सम्मेलन में हिंदू एकता पर जोर, संगठन मंत्री विजय प्रताप सिंह ने किया आह्वान

खबर की तहतक ✍️

जलालपुर, अम्बेडकर नगर।

देश की अखंडता और एकता को बनाए रखने तथा भारत की स्वतंत्रता को शाश्वत बनाए रखने के लिए हिंदुत्व का होना आवश्यक है। संगठित हिंदू ही देश की सभ्यता और संस्कृति की रक्षा कर सकता है। जातिवाद और वर्गभेद समाज को बांटने का काम करते हैं और बाहरी ताकतें इन्हीं नारों के सहारे हिंदुओं को आपस में विभाजित करने का प्रयास कर रही हैं, जिससे सतर्क रहने की आवश्यकता है। यह विचार विश्व हिंदू परिषद के अवध प्रांत संगठन मंत्री विजय प्रताप सिंह ने पंडित महावीर प्रसाद आईटीआई कॉलेज, सुरेंद्रनगर हजपुरा में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य हिंदू समाज में स्व-जागरण, स्वधर्म, स्वभाषा, स्वरोजगार और स्वदेशी की भावना को जागृत कर समाज को संगठित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि जहां अन्य धर्मों का आगमन कुछ सौ वर्षों में हुआ, वहीं सनातन हिंदू धर्म प्राचीन काल से चला आ रहा है और अनेक आक्रमणों के बावजूद आज भी मजबूती से स्थापित है। हिंदू धर्म में सर्वे भवन्तु सुखिनः की भावना निहित है और सबका साथ, सबका विकास ही हिंदुत्व का मूल लक्ष्य है।

मुख्य अतिथि ने वर्तमान परिस्थितियों में सभी हिंदुओं से आपसी भेदभाव और जातिवाद की भावना को त्यागकर एकजुट होने तथा देश और सनातन धर्म की रक्षा के लिए संगठित प्रयास करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष हृदय मणि मिश्रा ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम अपने पूर्वजों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए देश की संस्कृति और सभ्यता की रक्षा के लिए एकजुट हों। उन्होंने जाति, ऊंच-नीच की भावना से दूर रहकर समाज और राष्ट्र को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष द्वारा 100 असहाय लोगों को कंबल वितरित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। चिल्ड्रन एकेडमी, सुरेंद्रनगर हजपुरा के बच्चों ने सरस्वती वंदना एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर वयोवृद्ध संत बाबा जागव दास, विश्व हिंदू परिषद के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप पांडे, संरक्षक ओम प्रकाश सिंह, भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य राम आशीष मिश्रा, राम प्रकाश यादव, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष मिथिलेश त्रिपाठी, व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रहलाद वर्मा, रमेश मिश्रा, वयोवृद्ध संत बाबा राघव दास, कारसेवक एवं पूर्व प्रधान रामशरण राजभर, रमेश प्रजापति, पुजारी लाल साहू सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं विश्व हिंदू परिषद के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button