खबर की तहतक ✍️ जलालपुर (अम्बेडकरनगर)। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के अशरफपुर भूआ गांव में शनिवार दोपहर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव घर के दूसरे तले पर बने टीन शेड में फंदे से लटकता मिला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब तीन बजे गांव निवासी जगदीश वर्मा अपनी पत्नी और पुत्र सतीश वर्मा के साथ खेत से गाजर उखाड़कर घर लौटे थे। गाजर धोने के दौरान पानी खत्म होने पर जगदीश वर्मा छत के दूसरे तले पर पानी लेने पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बहू अर्चना वर्मा को टीन शेड में फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखते ही उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में महिला को फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही जलालपुर पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार अमरनाथ द्विवेदी की मौजूदगी में शव का पंचनामा कराया गया, जिसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा मजिस्ट्रेटी जांच शुरू कर दी गई है। मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि मृतका अर्चना वर्मा का विवाह करीब चार वर्ष पूर्व सुल्तानपुर जिले के एक गांव निवासी सतीश वर्मा से हुआ था। स्थानीय लोगों के अनुसार, बीते कुछ दिनों से मृतका और ससुराल पक्ष के बीच आपसी विवाद भी चल रहा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इधर, घटना के बाद पति और ससुर को पुलिस हिरासत में लिए जाने की अफवाहें फैलने लगीं। इस संबंध में जब कोतवाल संतोष कुमार सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने ऐसी किसी भी कार्रवाई से स्पष्ट इनकार किया। उन्होंने कहा कि फिलहाल कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने के उपरांत मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही विवाहिता की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation गैंगेस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई: जहांगीरगंज पुलिस ने दो अभियुक्तों की 4.64 लाख रुपये की संपत्ति की कुर्की विराट हिंदू सम्मेलन में हिंदू एकता पर जोर, संगठन मंत्री विजय प्रताप सिंह ने किया आह्वान