अंबेडकरनगर: सोना दिलाने के नाम पर दो लाख की ठगी, डायल-112 के दो सिपाही समेत तीन गिरफ्तार

खबर की तहतक ✍️

संवाददाता | अंबेडकरनगर

जनपद अंबेडकरनगर के थाना राजेसुल्तानपुर क्षेत्र में सोना दिलाने के नाम पर की गई धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस प्रकरण में डायल-112 पर तैनात दो पुलिस आरक्षियों समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा दोनों आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, 23 जनवरी 2026 को वादी शिवम मिश्रा पुत्र रामश्याम, निवासी रुसतमपुर, आज़ाद चौक, थाना रामगढ़ताल, जनपद गोरखपुर ने थाना राजेसुल्तानपुर में प्रार्थना पत्र दिया था। वादी ने आरोप लगाया कि अभियुक्तों द्वारा अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर कम दाम में अधिक मात्रा में सोना दिलाने का प्रलोभन दिया गया और 13 जनवरी 2026 को उसे देवरिया बाजार बुलाया गया।

वादी के पहुंचने पर अभियुक्तों ने एक बैग दिखाकर उसमें सोना होने की बात कही, लेकिन बैग खोलने पर उसमें सोने के स्थान पर नकली (गेमिंग) नोट निकले। ठगी का आभास होने पर जब वादी ने पैसे देने से इनकार किया तो अभियुक्तों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर भयभीत किया और दो लाख रुपये जबरन ले लिए। आरोप है कि मौके पर मौजूद दो पुलिसकर्मियों ने भी वादी को धमकाकर वहां से भगा दिया।

मामले में थाना राजेसुल्तानपुर पर मु.अ.सं. 12/2026 धारा 318(4), 308(5), 351(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान इस घटना में डायल-112 पर तैनात दो आरक्षियों तथा एक स्थानीय व्यक्ति की संलिप्तता पाई गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम इस प्रकार हैं—

1. अनिल यादव पुत्र राजा यादव, निवासी रेवतीपुर, थाना रेवतीपुर, जनपद गाजीपुर

2. आदर्श यादव पुत्र रमेश सिंह यादव, निवासी कन्हईपुर, पोस्ट औड़िहार, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर

3. प्रमोद सिंह उर्फ पप्पू सिंह पुत्र स्व. रामपाल सिंह, निवासी देवचन्द्रपुर, थाना राजेसुल्तानपुर, जनपद अंबेडकरनगर

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से नकली नोट, 8,500 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। सभी अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और अपराध में संलिप्तता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएंगी

खबर की तहतक

सच, कानून और जवाबदेही—हर खबर विश्वसनीयता के साथ

Follow up on YouTube channel 👉

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button