खबर की तहतक ✍️ संवाददाता | अम्बेडकर नगर जनपद अम्बेडकर नगर स्थित बाबा बरुआ दास पी.जी. कॉलेज, परुइय्या आश्रम में आयोजित डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की दो दिवसीय अन्तर्महाविद्यालयीय महिला खो-खो प्रतियोगिता का शनिवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। समापन से पूर्व खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में रोमांच चरम पर रहा। ग्रुप-A में आर.आर. पी.जी. कॉलेज, अमेठी ने गनपत सहाय पी.जी. कॉलेज, सुल्तानपुर को पराजित किया, जबकि ग्रुप-B में डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय कैंपस ने श्री विश्वनाथ पी.जी. कॉलेज, कलान को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला अत्यंत रोमांचक रहा, जिसमें डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय (आवासीय परिसर) की टीम ने शानदार तकनीकी खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं आर.आर. पी.जी. कॉलेज, अमेठी की टीम उपविजेता रही। मेजबान बाबा बरुआ दास पी.जी. कॉलेज की टीम का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्याम सुन्दर वर्मा (साधू वर्मा) ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में आयोजित ऐसी खेल प्रतियोगिताएं नारी सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण हैं। इससे पूर्व उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि एमएलसी डॉ. हरिओम पाण्डेय ने छात्राओं की सुविधा के लिए महाविद्यालय में महिला कॉमन रूम निर्माण की घोषणा की थी, जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष ने महाविद्यालय के मुख्य द्वार से प्रवेश मार्ग को इंटरलॉकिंग कराए जाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. परेश कुमार पाण्डेय ने सफल आयोजन पर अतिथियों और आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेलकूद से छात्रों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में क्रीड़ा प्रभारी डॉ. कुलदीप सिंह की भूमिका केंद्रीय रही। उनके साथ ज्ञानेन्द्र वर्मा के अथक सहयोग से प्रतियोगिता सुचारू रूप से संपन्न हुई। कार्यक्रम का ओजस्वी संचालन डॉ. सत्य प्रकाश पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष एवं भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री राम प्रकाश यादव, अवध विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव प्रो. आशीष प्रताप सिंह, बी.एन.के.बी. पी.जी. कॉलेज की प्राचार्या प्रो. शुचिता पाण्डेय, आक्टा शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. जन्मेजय तिवारी, महामंत्री प्रो. अमूल्य सिंह, डॉ. अविनाश तिवारी, प्रो. पूनम जोशी ‘प्रेम’ सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। पर्यवेक्षक के रूप में श्री कृष्ण कुमार विश्वकर्मा और डॉ. पूनम जोशी ने निष्पक्ष निर्णय सुनिश्चित किया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक एवं उप-प्राचार्य डॉ. पवन कुमार गुप्त ने सभी अतिथियों, रेफरी मंडल, मीडिया कर्मियों एवं महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक समापन हुआ। खबर की तहतक शिक्षा, खेल और समाज से जुड़ी हर सकारात्मक पहल की विश्वसनीय प्रस्तुति Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation यूपी में 45 हजार होमगार्ड भर्ती में आपदा मित्रों को प्राथमिकता, सीएम योगी का बड़ा ऐलान अंबेडकरनगर: सोना दिलाने के नाम पर दो लाख की ठगी, डायल-112 के दो सिपाही समेत तीन गिरफ्तार