खबर की तहतक ✍️ राज्य ब्यूरो | लखनऊ उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में चल रही 45 हजार होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया में ‘आपदा मित्रों’ को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर उन्हें विशेष प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यह जानकारी प्रदेश के 75 जिलों में आयोजित ब्लैकआउट और मॉक ड्रिल की समीक्षा के दौरान दे रहे थे। उन्होंने मॉक ड्रिल को सफल बताते हुए कहा कि इससे नागरिक सुरक्षा संगठन और आपदा मित्रों की कार्यक्षमता और तत्परता सामने आई है। सीएम योगी ने कहा कि नागरिक सुरक्षा संगठन की भूमिका अब केवल शांति काल में पर्व-त्योहारों तक सीमित नहीं रह गई है। बाढ़, आपदा, दुर्घटनाएं, बड़े आयोजन, यातायात व्यवस्था और यहां तक कि युद्धकालीन परिस्थितियों में भी नागरिक सुरक्षा संगठन और होमगार्ड समाज की सुरक्षा व्यवस्था संभालने में अहम भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश में एसडीआरएफ के माध्यम से ‘आपदा मित्रों’ की भर्ती प्रक्रिया को भी लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। आपदा मित्र के रूप में कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को होमगार्ड भर्ती में प्राथमिकता देने का निर्णय इसी कड़ी का हिस्सा है। सीएम योगी ने ‘गोल्डन आवर’ की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी दुर्घटना के बाद पीड़ित को समय पर उपचार मिलना अत्यंत आवश्यक है। पीड़ित का जीवन अमूल्य है और इसके लिए सभी विभागों व स्वयंसेवी संगठनों को नियमित अभ्यास और मॉक ड्रिल के माध्यम से तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेजी से बढ़ते इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन और हाईराइज भवनों के चलते अग्निकांड या अन्य आपात स्थितियों में आपदा मित्र और होमगार्ड फर्स्ट रिस्पांडर के रूप में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। इसके लिए निरंतर प्रशिक्षण और अभ्यास जरूरी है। मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद प्रदेश के आपदा मित्रों और युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस निर्णय से न केवल होमगार्ड व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि आपदा प्रबंधन प्रणाली को भी नई ताकत मिलेगी। वेब पोर्टल | खबर की तहतक नीतियां, निर्णय और जनहित से जुड़ी हर बड़ी खबर—विश्वसनीयता के साथ Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation बरेली: बीएसए के औचक निरीक्षण में 42 शिक्षक अनुपस्थित, दो स्कूल मिले बंद; वेतन रोका बाबा बरुआ दास पी.जी. कॉलेज में महिला खो-खो प्रतियोगिता का भव्य समापन, अवध विश्वविद्यालय कैंपस बना चैंपियन