खबर की तहतक न्यूज नेटवर्क

ज्ञान स्मारक महिला महाविद्यालय में दिव्य दीपोत्सव समारोह का भव्य आयोजन, सैकड़ों दीपों की रोशनी से जगमगाया परिसर

अम्बेडकरनगर।

भगवान श्रीराम केवल आस्था के प्रतीक ही नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, मानवीय मूल्यों और सामाजिक आदर्शों के केंद्र बिंदु हैं। उनके जीवन में समाहित त्याग, मर्यादा, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्श आज भी मानवता को सही दिशा प्रदान करते हैं। यह विचार जिला विद्यालय निरीक्षक श्री कौस्तुभ ने ज्ञान स्मारक महिला महाविद्यालय, आलमापुर अमरतल में आयोजित दिव्य दीपोत्सव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री कौस्तुभ ने भगवान श्रीराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मानव कल्याण भगवान श्रीराम द्वारा स्थापित श्रेष्ठ मानवीय मूल्यों के अनुसरण से ही संभव है। उन्होंने उपस्थित छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में बड़े से बड़े लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए त्याग, अनुशासन और साधना की भावना आवश्यक है।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड, प्रयागराज के पूर्व अध्यक्ष तथा वर्तमान में राजकीय महाविद्यालय, सरोजिनी नगर, लखनऊ में हिंदी विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ. आर.पी. वर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने दीपावली के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व के साथ भारतीय समाज, लोकजीवन और साहित्य में रामकथा की प्रतिष्ठा पर विस्तार से प्रकाश डाला। हिंदी साहित्य सहित विभिन्न भारतीय भाषाओं के साहित्य में भगवान श्रीराम के चरित्र-चित्रण का विश्लेषण करते हुए उन्होंने बताया कि रामकथा भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने छात्राओं को सकारात्मक सोच, निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प के माध्यम से अपने जीवन के लक्ष्य प्राप्त करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नवजोत इंटर कॉलेज, हाजपुरा, अम्बेडकरनगर के पूर्व प्रधानाचार्य श्री अशोक पांडेय ने की। उन्होंने भगवान श्रीराम की महिमा तथा सनातन संस्कृति के शाश्वत मूल्यों की स्थापना में उनके योगदान पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।

महाविद्यालय के संरक्षक प्रोफेसर आई.जे. सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए वैश्विक स्तर पर रामकथा के प्रचार-प्रसार और भारतीय लोकजीवन में प्रभु श्रीराम के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राम और कृष्ण के बिना भारत की सांस्कृतिक कल्पना अधूरी है। भगवान श्रीराम द्वारा स्थापित शाश्वत मूल्य युगों-युगों तक मानव कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते रहेंगे। उनके आदर्शों का अनुसरण करके ही सशक्त, समरस और श्रेष्ठ भारत का निर्माण संभव है।

महाविद्यालय की प्रबंधक डॉ. पुष्पा सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन हिंदी विभाग के प्रभारी मनोज प्रजापति ने किया।

समारोह का विशेष आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम और आकर्षक रंगोली रही। रंगोली के माध्यम से रामकथा के विभिन्न प्रसंगों को सुंदर ढंग से उकेरा गया, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इसके पश्चात अतिथियों, छात्राओं एवं अभिभावकों ने सामूहिक रूप से सैकड़ों दीप प्रज्वलित किए। दीपों की स्वर्णिम आभा से पूरा महाविद्यालय परिसर आलोकित हो उठा। वातावरण में भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत संगम दिखाई दिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो महाविद्यालय परिसर में अयोध्या की दिव्य दीपावली की अनुपम छटा साकार हो उठी हो।

इस अवसर पर न्यू लाइट इंटर कॉलेज, सिकंदरपुर के प्रबंधक श्री दिनेश सिंह, बाबा बरुआ दास इंटर कॉलेज, बाकरगंज के प्रधानाचार्य श्री विनय कुमार वर्मा, रानी लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज, लोरपुर के प्रबंधक एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अभिषेक सिंह, श्री प्रवीण कुमार मिश्रा, प्रधानाचार्य मालीपुर इंटर कॉलेज, संस्कृत विद्यालय सिकंदरपुर के प्रबंधक श्री अग्रसेन, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद लखनऊ के संगठन मंत्री श्री अश्वनी कुमार मौर्य, राजकीय महाविद्यालय लखनऊ के रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सौरभ तथा जनपद के वरिष्ठ पत्रकार श्री अजीत कुमार सिंह सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

वेब पोर्टल : खबर की तहतक

सच के साथ… सदैव आपके साथ।

डिस्क्लेमर:

यह समाचार आयोजकों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी एवं कार्यक्रम से संबंधित विवरण के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें व्यक्त विचार संबंधित वक्ताओं के निजी विचार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button