‘नई शिक्षा नीति ने दी पढ़ाई को नई उड़ान’, रील के जरिए विद्यार्थियों ने साझा किए अनुभव

खबर की तहतक न्यूज नेटवर्क

सेवा संकल्प अभियान के तहत बाबा बरुआ दास पीजी कॉलेज में हुआ रचनात्मक आयोजन।

अम्बेडकरनगर।

शिक्षा में नवाचार और विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश भर में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बाबा बरुआ दास पीजी कॉलेज, परुइया आश्रम में विद्यार्थियों ने अनूठे अंदाज में NEP-2020 के सकारात्मक पक्षों को सामने रखा। विद्यार्थियों ने रील बनाकर नई शिक्षा नीति को लेकर अपने अनुभव और विचार साझा किए।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के उप-प्राचार्य प्रो. पवन कुमार गुप्त के निर्देशन में किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों की नवाचार के प्रति बढ़ती रुचि को भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत बताते हुए कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का अवसर प्रदान करती हैं।

प्रो. पवन कुमार गुप्त ने आशा व्यक्त की कि NEP-2020 विद्यार्थियों को वैचारिक रूप से समृद्ध करने के साथ-साथ तकनीकी रूप से भी दक्ष बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

विद्यार्थियों ने बताए अपने अनुभव

रील के माध्यम से अपने अनुभव साझा करते हुए बीकॉम तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थी सत्यम वर्मा ने NEP-2020 को विद्यार्थियों के लिए लचीला और विद्यार्थी-केंद्रित बताते हुए कहा कि इसमें पढ़ाई के दौरान विभिन्न चरणों पर प्रमाण-पत्र, डिप्लोमा और डिग्री प्राप्त करने की व्यवस्था विद्यार्थियों के लिए उपयोगी हो सकती है।

वहीं बीए प्रथम वर्ष की छात्रा शिवांगी यादव ने मातृभाषा में विषयों को समझने के महत्व पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अपनी मातृभाषा में किसी विषय को सीखने पर उसे अपने अनुभवों से जोड़कर समझना आसान हो जाता है।

विद्यार्थियों की इन प्रस्तुतियों में जहां नई शिक्षा नीति को लेकर उनके अनुभव नजर आए, वहीं सोशल मीडिया जैसे आधुनिक माध्यमों के रचनात्मक उपयोग की झलक भी देखने को मिली।

प्राचार्य ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर परेश कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों के उत्साह और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि NEP-2020 विद्यार्थियों की प्रतिभा के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध हो रही है और इस दिशा में ‘सेवा संकल्प योजना’ एक प्रभावी पहल है।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। आयोजन ने विद्यार्थियों को शिक्षा नीति पर अपने विचार रचनात्मक माध्यम से व्यक्त करने का अवसर प्रदान किया।

खबर की तहतक | शिक्षा, नवाचार और जनसरोकार से जुड़ी खबरों के साथ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button