जन्माष्टमी पर मंदिरों में उमड़ी आस्था, झांकी ने मोहा मन

खबर की तहतक न्यूज नेटवर्क

संवाददाता – विकास देवर्षि

जलालपुर, अंबेडकरनगर।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शनिवार को जलालपुर नगर पूरी तरह कृष्ण भक्ति में डूबा नजर आया। नगर के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। मंदिरों में गूंजते भजन-कीर्तन, घंट-घड़ियाल और शंखनाद से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

नगर के बाबा पलटूदास मंदिर, श्री राम जानकी मंदिर, श्री शीतला माता मठिया मंदिर, चक्र सुदर्शन मंदिर, दुर्गा माता मठिया मंदिर, डाकखाना परिसर, कोतवाली परिसर और छोटी मठिया मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर जन्माष्टमी का उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।

श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण को माखन-मिश्री, पंचामृत और विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए। मंदिरों में देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। महिलाओं ने झूला उत्सव आयोजित कर बाल गोपाल को झूला झुलाया और कान्हा की बाल लीलाओं का गुणगान किया।

जीवंत झांकी ने खींचा श्रद्धालुओं का ध्यान

संगत मंदिर के बाहर श्री बालाजी शक्ति समिति की ओर से आकर्षक एवं जीवंत झांकी सजाई गई। झांकी में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और बाल लीलाओं की मनोहारी झलक प्रस्तुत की गई, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। रंग-बिरंगी सजावट और धार्मिक दृश्यों ने वातावरण को और आकर्षक बना दिया।

झांकी देखने पहुंचे श्रद्धालु कुछ देर ठहरकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करते और भक्ति भाव में डूबे नजर आए। बच्चों में भी झांकी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

भक्ति के साथ दिखा भाईचारे का संदेश

जन्माष्टमी के अवसर पर पूरे नगर में श्रद्धा, सौहार्द और आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला। धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की और भगवान श्रीकृष्ण से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

देर रात श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के साथ मंदिरों में जयकारों की गूंज सुनाई दी। ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से पूरा नगर कृष्णमय नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button