खबर की तहतक का असर: नगपुर अस्पताल मार्ग की बदहाली पर चला विभागीय पैचवर्क

खबर की तहतक न्यूज नेटवर्क

जलालपुर, अंबेडकरनगर।

कभी गड्ढों से राहगीरों की परीक्षा लेने वाली सड़क पर आखिरकार विभाग की नजर पड़ ही गई। खबर की तहतक की खबर के बाद नगपुर अस्पताल मार्ग पर पीडब्ल्यूडी की टीम पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्सों की पैच मरम्मत के साथ सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराई। कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

मामला शंकर तिराहा (नगपुर मोड़) से मेयो हॉस्पिटल होते हुए नगपुर अस्पताल तक जाने वाले मार्ग का है। सड़क लंबे समय से जगह-जगह क्षतिग्रस्त थी। हालात ऐसे थे कि मरीज लेकर अस्पताल जा रहे वाहन चालकों को सड़क के गड्ढों से बचने की जद्दोजहद करनी पड़ती थी। एंबुलेंस और अन्य वाहनों के लगातार आवागमन के कारण बदहाल सड़क किसी चुनौती से कम नहीं थी।

2 सितंबर को खबर की तहतक ने ‘नगपुर अस्पताल जाने वाली सड़क बदहाल, जिम्मेदार मौन’ शीर्षक से सड़क की समस्या को प्रमुखता से उठाया था। खबर में सड़क की बदहाली के साथ मरीजों, तीमारदारों, राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानियों को सामने रखा गया था।

खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी के जेई अमितेश कुमार के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों में पैच मरम्मत का कार्य कराया। इसके साथ ही दोनों ओर उगी झाड़ियों को भी हटाकर साफ-सफाई कराई गई।

कह सकते हैं कि खबर ने वह काम कर दिया, जो अक्सर सरकारी फाइलों में घूमते-घूमते पता नहीं कितने मौसम देख लेता है। सड़क ने भी शायद राहत की सांस ली होगी और राहगीरों ने भी।

जेई अमितेश कुमार ने बताया कि सड़क की साफ-सफाई और पैच मरम्मत सहित आवश्यक कार्य करा दिए गए हैं। विभागीय टीम के मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने से स्थानीय लोगों में संतोष है।

स्थानीय लोगों ने खबर की तहतक न्यूज चैनल का आभार जताते हुए कहा कि सड़क की समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई की, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है।

हालांकि, स्थानीय लोगों की उम्मीद अब यह भी है कि पैच मरम्मत के बाद सड़क की स्थायी और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत पर भी विभाग गंभीरता से ध्यान देगा, ताकि कुछ समय बाद वही गड्ढे दोबारा खबर की सुर्खियां न बनें।

खबर की तहतक—जहां खबर सिर्फ दिखाई नहीं जाती, बल्कि जनसमस्या की आवाज भी बनती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button