अकबरपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा कथित शातिर वाहन चोर, दो चोरी की बाइक और चाकू बरामद

खबर की तहतक न्यूज नेटवर्क

अम्बेडकरनगर।

अपराध नियंत्रण और वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद हुआ है। जांच में दोनों बाइक चोरी के मामलों से जुड़ी पाई गई हैं।

पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक इसहाक खान पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध वाहन चोर मोटरसाइकिल से अरियाबाजार की तरफ से अकबरपुर की ओर आ रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने कटरिया याकूबपुर तिराहे पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने विकास सिंह उर्फ जगलाल (28) को पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो मोटरसाइकिल और एक चाकू बरामद हुआ।

दो जिलों में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़ी बाइक

पुलिस के मुताबिक बरामद मोटरसाइकिलों की जांच में एक बाइक UP45E5732 के चोरी होने के संबंध में थाना महरुआ में मुकदमा दर्ज मिला। वहीं दूसरी बाइक UP50CK6044 के चोरी होने का मामला थाना पवई, आजमगढ़ में दर्ज पाया गया।

बरामदगी के संबंध में अकबरपुर कोतवाली में मु0अ0सं0 511/2026, धारा 317(2) बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी को करीब 2:15 बजे पुलिस हिरासत में लिया गया और विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

कार्रवाई में उपनिरीक्षक इसहाक खान, उपनिरीक्षक राम प्रताप वर्मा, कांस्टेबल राम नरेश भारद्वाज, अभिषेक तिवारी, धनंजय यादव और तन्मय तिवारी शामिल रहे।

डिस्क्लेमर:

यह खबर अम्बेडकरनगर पुलिस के प्रेस नोट के आधार पर तैयार की गई है। आरोपी पर लगे आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायालय में होने वाली कार्यवाही के अधीन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button