गोरखपुर | खबर की तहतक ✍️| मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोरखपुर स्थित श्री गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान उस समय नाराज हो गए, जब एक फरियादी ने भूमि पट्टा आवंटन में रुपये लेकर काम किए जाने की शिकायत की। शिकायत सुनते ही मुख्यमंत्री का पारा चढ़ गया और उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस भी गांव या क्षेत्र में रुपये लेकर पट्टा आवंटन की शिकायत मिले, वहां बिना देरी जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि गरीबों और पात्र लोगों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जनता दर्शन में सुनीं करीब 200 लोगों की समस्याएं गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 200 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए। अपराधियों पर सख्ती, योजनाओं का लाभ पात्रों तक अपराध से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बेटी की शादी और इलाज को लेकर भी दिए मानवीय निर्देश जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने आर्थिक तंगी के चलते बेटी की शादी की चिंता जताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिटिया का विवाह मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कराया जाए। वहीं गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाने वालों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के इलाज का आकलन शीघ्र तैयार कर शासन को भेजा जाए, एस्टीमेट मिलते ही धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। मकर संक्रांति व्यवस्था के बीच जनता से सीधा संवाद उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार दो दिनों तक मकर संक्रांति/खिचड़ी महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधाओं और व्यवस्थाओं की निगरानी में व्यस्त रहे। इसके बावजूद उन्होंने जनता दर्शन आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के इस सख्त रुख से एक बार फिर स्पष्ट हो गया कि भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पूरी सख्ती से लागू है। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation मिशन शक्ति अभियान फेज–5: बरेली परिक्षेत्र में कौशल कार्यशाला का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शुभारम्भ पॉलीटेक्निक प्रवेश नियमों में बड़ा बदलाव , 400 में से 4 अंक पाने वाले अभ्यर्थी भी होंगे पात्र, निजी संस्थानों की मनमानी पर लगेगी रोक