चीनी की किल्लत की अफवाहों पर प्रशासन का एक्शन, DM ईशा प्रिया के निर्देश पर जिलेभर में छापेमारी

खबर की तहतक न्यूज नेटवर्क

अम्बेडकरनगर।

जनपद में चीनी की कथित कमी और कीमतों में बढ़ोतरी की चर्चाओं के बीच प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देश पर सोमवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में थोक विक्रेताओं और व्यापारियों के प्रतिष्ठानों व गोदामों की जांच की गई।

उपजिलाधिकारियों के नेतृत्व में गठित प्रशासनिक टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चीनी के उपलब्ध स्टॉक का जायजा लिया और बाजार में इसकी उपलब्धता की स्थिति परखी। जांच के दौरान प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि जनपद में चीनी की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है।

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

जिला गन्ना अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि चीनी की कमी अथवा कीमतों को लेकर फैल रही अफवाहों पर भरोसा न करें। लोगों से आवश्यकता के अनुसार ही चीनी खरीदने और अनावश्यक रूप से अधिक मात्रा में भंडारण से बचने की अपील की गई है।

जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्ती

प्रशासन ने व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि चीनी की जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा निर्धारित नियमों के विपरीत अनधिकृत भंडारण की शिकायत या जांच में पुष्टि होने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि बाजार में चीनी की उपलब्धता और स्टॉक की स्थिति पर निगरानी आगे भी जारी रहेगी, ताकि अफवाहों के कारण अनावश्यक खरीदारी या कृत्रिम कमी की स्थिति उत्पन्न न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button