जमीन हड़पने के लालच में हत्या की साजिश! मालीपुर में अजय शुक्ला हत्याकांड का खुलासा, दो गिरफ्तार

खबर की तहतक वेब पोर्टल

अम्बेडकरनगर।

थाना मालीपुर क्षेत्र के ग्राम तेंदुआ दियरा में अजय शुक्ला पुत्र बैजनाथ शुक्ला की हत्या के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या को दुर्घटना और विद्युत करंट से मौत का रूप देने की साजिश रची गई थी। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों अनिरुद्ध मिश्रा और सोनी शुक्ला को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 की सुबह करीब 8:20 बजे पीआरवी के माध्यम से तेंदुआ दियरा में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर सुश्री प्राची सिंह तथा स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान अजय शुक्ला के रूप में हुई। मृतक की बहन की तहरीर के आधार पर थाना मालीपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

तीन टीमों ने शुरू की जांच

घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर अनिरुद्ध मिश्रा और सोनी शुक्ला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि मृतक अजय शुक्ला की कोई संतान नहीं थी। पुलिस के अनुसार, उसकी जमीन हड़पने के लालच में उसके भाई राजेश शुक्ला, राजेश की पत्नी सोनी शुक्ला और अनिरुद्ध मिश्रा द्वारा कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई गई थी।

शराब पिलाने के बहाने ले जाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, अनिरुद्ध मिश्रा 17 अगस्त को अपनी मौसी सोनी शुक्ला के साथ गुजरात से चला और 18 अगस्त की शाम अपने घर पहुंचा। आरोप है कि 19 अगस्त की शाम अनिरुद्ध मृतक के घर गया और उसे शराब पिलाने के बहाने नेमपुर घाट ले गया। इसके बाद दोनों वापस घर आए।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अनिरुद्ध ने बताया कि रात में अजय के अत्यधिक नशे में होने के दौरान कथित रूप से किचन में रखे चाकू से उसके सिर पर वार किया गया और गमछे से गला दबाया गया। इसके बाद हत्या को बिजली के करंट से हुई दुर्घटना का रूप देने के लिए मृतक के पैर के अंगूठे में पंखे की तार बांधकर विद्युत स्विच चालू करने की बात सामने आई है।

इन दो आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

1. अनिरुद्ध मिश्रा पुत्र जगदम्बा प्रसाद, निवासी ग्राम मारूपुर माउख, थाना सम्मनपुर, जनपद अम्बेडकरनगर, उम्र करीब 23 वर्ष।

2. सोनी शुक्ला पत्नी राजेश शुक्ला, निवासी ग्राम तेंदुआ दियरा, थाना मालीपुर, जनपद अम्बेडकरनगर, उम्र करीब 35 वर्ष।

मामले में मु0अ0सं0 153/26, धारा 103(1) बीएनएस, थाना मालीपुर, जनपद अम्बेडकरनगर में अभियोग पंजीकृत है।

पुलिस टीम

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल करुणा शंकर मिश्रा, कांस्टेबल मनी कुमार, कांस्टेबल साकेत कुमार तथा महिला कांस्टेबल क्षमा सचान, थाना मालीपुर शामिल रहे।

महत्वपूर्ण: हत्या की साजिश और आरोपियों की भूमिका से संबंधित बातें पुलिस द्वारा पूछताछ में सामने आए कथित तथ्यों पर आधारित हैं। अंतिम दोषसिद्धि न्यायालय के निर्णय के अधीन होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button